logo

सीएम आवास में सत्ताधारी दल के विधायकों की बैठक, कल्पना सोरेन के नाम पर मंथन!

a456.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में सत्ताधारी दल के विधायकों की बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में जारी इस बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी और कांग्रेस के विधायक मौजूद हैं। शिबू सोरेन के भी इस मीटिंग में मौजूद रहने की खबर है। कहा जा रहा है कि झारखंड में जारी सियासी संकट और हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की आशंका के बीच, प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन के नाम पर मंथन जारी है। 31 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी पूछताछ करेगी। आशंका है कि एजेंसी उनको हिरासत में ले सकती है। ऐसे में किसी भी प्रकार के सियासी संकट से बचने के लिए हेमंत सोरेन के उत्तराधिकारी के रूप में कल्पना सोरेन का नाम आगे किया जा सकता है। 

विधायकों को रांची में ही रहने का निर्देश
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक सत्ताधारी विधायकों को कहा गया है कि वे रांची छोड़कर न जाएं। सोमवार को ही सभी विधायकों को बैग एंड बैगेज के साथ रांची आने को कहा गया था। सभी विधायक सर्किट हाउस में रूके थे। मंगलवार को जब मुख्यमंत्री रांची पहुंचे तो विधायकों को कांके रोड स्थित सीएम आवास पर पहुंचने को कहा गया। कहा जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री, कल्पना सोरेन के नाम का प्रस्ताव रखेंगे और इस पर विधायकों की सहमति ली जाएगी। हालांकि, इस बीच कल्पना सोरेन के नाम का ऐलान उत्तराधिकारी के रूप में तभी किया जाएगा जब कोई राजनीतिक संकट हो। 

उत्तराधिकारी के रूप में इन नामों की सर्वाधिक चर्चा
बता दें कि जब खनन पट्टा लीज मामले में मुख्यमंत्री को लेकर चुनाव आयोग का लिफाफा राजभवन आया था तो उनकी सदस्यता रद्द किए जाने की अटकलें लगाई गई थी। तब भी उत्तराधिकारी के रूप में कल्पना सोरेन का नाम सामने आया था। 31 दिसंबर 2023 को जब गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद ने इस्तीफा दिया तब भी कल्पना सोरेन का नाम मीडिया की सुर्खियों में था। हालांकि, इस बीच सियासी संकट के हालात में बसंत सोरेन और चंपाई सोरेन का नाम भी उत्तराधिकारी के रूप में आगे किया जा सकता है।