logo

बोकारो से 6 साल पहले लापता हुई बच्ची का सुराग नहीं, हाईकोर्ट ने CBI से मांगी रिपोर्ट

बोकारो से 6 साल पहले लापता हुई बच्ची का सुराग नहीं, हाईकोर्ट ने CBI से मांगी रिपोर्ट

द फॉलोअप डेस्क:

Bokaro Missing Girl: झारखंड (Jharkhand) के बोकारो (Bokaro) जिले से करीब छह साल पहले लापता हुई नाबालिग बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 16 अक्टूबर 2020 को घर से ट्यूशन के लिए निकली बच्ची अचानक लापता हो गई थी। इस मामले में घटनास्थल के पास उसकी साइकिल, चप्पल और किताबें मिलने के बाद अपहरण की आशंका जताई गई थी। लंबे समय तक पुलिस और सीआईडी की जांच के बावजूद बच्ची का पता नहीं चलने पर मामला झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) भी इस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार, 27 नवंबर को झारखंड हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने सीबीआई से जांच की प्रगति की जानकारी मांगी और स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुए CBI अधिकारी

मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई। सुनवाई के दौरान सीबीआई के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष उपस्थित हुए। अदालत ने अधिकारियों से अब तक की गई जांच और बच्ची की तलाश में उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही जांच की वर्तमान स्थिति पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत यह जानना चाहती है कि सीबीआई ने अब तक किन पहलुओं पर जांच की है और बच्ची का पता लगाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विसेंट रोहित मार्की ने पक्ष रखा।

ट्यूशन जाने के लिए निकली थी बच्ची, रास्ते में मिली थीं किताबें

यह मामला बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के कुरमा गांव का है। 16 अक्टूबर 2020 को करीब 14 वर्षीय बच्ची घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि कुरमा अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क के पास उसकी साइकिल, चप्पल और किताबें बिखरी हुई मिली हैं। परिजनों ने सामान की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। इसके बाद बच्ची के लापता होने को लेकर पिंड्राजोरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में भी इस घटना को अपहरण का मामला माना गया था।

पुलिस और CID की जांच के बाद CBI को सौंपा गया मामला

बच्ची के लापता होने के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। इसके बाद बच्ची की मां ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच की प्रगति पर सवाल उठाए थे। बाद में 20 अप्रैल 2026 को जांच सीआईडी को सौंपी गई। सीआईडी ने विशेष टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बिहार के गोपालगंज में एक ऐसी महिला के बारे में जानकारी मिली, जिसकी शारीरिक बनावट लापता बच्ची से मिलती-जुलती बताई गई थी। हालांकि, पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी।

अंतरराज्यीय कनेक्शन के बाद CBI को मिली जांच

मामले की जटिलता और दूसरे राज्यों से जुड़े संभावित डिजिटल सुरागों को देखते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने अगस्त 2026 में जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया। अदालत ने माना कि इतने लंबे समय बाद भी बच्ची का पता नहीं चलना गंभीर चिंता का विषय है और निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी की मदद जरूरी है। इसके बाद सीबीआई ने मामले को अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की। अब 27 नवंबर की सुनवाई में हाईकोर्ट ने सीबीआई से जांच की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है। ऐसे में अब सभी की नजरें सीबीआई की स्टेटस रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Latest NewsBokaro Missing Girl CaseBokaro Minor Girl Missing