द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बोकारो जिले में होमगार्ड की नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के दबाव के बीच जिला प्रशासन ने होमगार्ड के 199 रिक्त पदों पर बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया है। बुधवार को बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने जानकारी दी कि 12 नवंबर को नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत के दौरान जो आश्वासन दिया गया था, उसी के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अभ्यर्थियों के साथ हुई बैठक में नियुक्ति को लेकर समय-सीमा निर्धारित की गई थी। प्रशासन ने दीपावली तक अथवा अधिकतम छठ पर्व से पहले विज्ञापन प्रकाशन से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिया था। अब 12 नवंबर को विज्ञापन जारी करने का निर्णय लिया गया है। इसमें आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता और चयन से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

चौकीदार के पांच से कम पद, फिलहाल बहाली शुरू करना संभव नहीं
होमगार्ड नियुक्ति के साथ चौकीदार के रिक्त पदों पर बहाली की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को फिलहाल निराशा हाथ लगी है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया कि बोकारो जिले में चौकीदार के रिक्त पदों की संख्या पांच से भी कम है। ऐसी स्थिति में फिलहाल इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का अवसर नहीं है। प्रशासन की ओर से होमगार्ड बहाली को पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने की बात कही गई है। गौरतलब है कि होमगार्ड और चौकीदार के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर युवा काफी समय से आंदोलन कर रहे हैं। 15 सितंबर को उपायुक्त और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में दीपावली तक होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद भी विज्ञापन जारी नहीं होने पर अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ गया और 10 नवंबर को युवाओं ने उपायुक्त कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए जल्द से जल्द आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाए।

विज्ञापन अपलोड होने तक धरना खत्म नहीं करेंगे अभ्यर्थी
उपायुक्त की ओर से 12 नवंबर को विज्ञापन जारी करने की घोषणा के बावजूद आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया है। उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे युवाओं का कहना है कि जब तक उपायुक्त खुद उनके बीच आकर बातचीत नहीं करते और बहाली का आधिकारिक नोटिफिकेशन अपलोड नहीं हो जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि इससे पहले भी उपायुक्त ने अपने एक्स (X) हैंडल के माध्यम से विज्ञापन जारी करने की बात कही थी, लेकिन उस समय नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। ऐसे में केवल घोषणा पर भरोसा करके धरना समाप्त नहीं किया जा सकता। युवाओं ने साफ कहा कि जब तक आधिकारिक विज्ञापन सामने नहीं आता, वे धरनास्थल से नहीं हटेंगे। इधर, 12 नवंबर को विज्ञापन जारी होने की घोषणा के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर भर्ती के अगले चरण पर है। विज्ञापन में आवेदन की तिथि, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी शर्तों का खुलासा होगा। फिलहाल प्रशासन की घोषणा और अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच बोकारो में होमगार्ड बहाली का मुद्दा चर्चा में है।