logo

BSL में निजी एजेंसी को सुरक्षा की जिम्मेदारी देने की तैयारी, 300 होमगार्ड जवानों की नौकरी पर संकट

BSL में निजी एजेंसी को सुरक्षा की जिम्मेदारी देने की तैयारी, 300 होमगार्ड जवानों की नौकरी पर संकट

द फॉलोअप डेस्क:

Bokaro Home Guard Jobs: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की टाउनशिप की सुरक्षा (Township Security) व्यवस्था में बदलाव की तैयारी के बीच वर्षों से तैनात होमगार्ड (Home Guard) जवानों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। प्रबंधन की ओर से सुरक्षा की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू किए जाने के विरोध में होमगार्ड जवानों ने बोकारो विधायक श्वेता सिंह से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की। जवानों ने विधायक को बताया कि वे लंबे समय से बीएसएल की सुरक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में अचानक उनकी जगह निजी एजेंसी के कर्मियों को तैनात करने का फैसला उनके और उनके परिवारों के भविष्य पर असर डाल सकता है। जवानों ने मांग की कि प्रबंधन अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे और वर्षों से सेवा दे रहे होमगार्ड जवानों का रोजगार सुरक्षित रखे।

निजी सुरक्षा एजेंसियों से मांगा गया है आवेदन

बीएसएल प्रबंधन ने टाउनशिप की सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया था। इसके लिए 19 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। 21 नवंबर को इच्छुक एजेंसियों का प्रेजेंटेशन निर्धारित किया गया था। चयनित एजेंसी को सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारी सौंपने की योजना है। इस बदलाव से करीब 300 होमगार्ड जवानों की तैनाती प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले झामुमो ने भी प्रबंधन की इस पहल का विरोध करते हुए जवानों के रोजगार का मुद्दा उठाया था। वहीं, होमगार्ड जवानों ने विधायक से आग्रह किया है कि वे बीएसएल प्रबंधन के समक्ष उनकी मांगों को रखें और इस मामले का समाधान निकालने की पहल करें।

Tags - Jharkhand Latest NewsBokaro Steel PlantBSL Home GuardsBokaro Home Guard JobsBSL Security Tender