द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले से दिल दहला देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक महिला के ऊपर खौलता तेल उड़ेलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना मुफस्सिल थाना इलाके के एक गांव में हुए छेड़खानी से जुड़ा है। रविवार देर शाम हुई इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फ़िलहाल झुलसी महिला का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
मामले को लेकर पीड़िता ने बताया कि वह होटल चलाती हैं। रविवार की शाम को भी वह पकौड़ी बना रही थी, तभी बगल गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां आए। आते ही दोनों ने छेड़खानी शुरू कर दी। उसने जब विरोध किया तो खौलता हुआ तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। जिसके बाद गांव वाले आनन-फानन में महिला को सदर अस्पताल पहुँचाया। 
वहीं पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला के परिवार का भरन- पोषण इसी दुकान से होता है। जिन दोनों लड़कों ने महिला के साथ छेड़खानी की और जान लेने का प्रयास किया, वे दोनों लड़के बदतमीज स्वभाव के हैं। इसके पूर्व भी वे कई तरह की बेबाक हरकतें कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि "दोनों युवक दबंग परिवार से हैं इसलिए उनसे कोई उलझने का प्रयास नहीं करता है। लेकिन इस बार तो इन्होंने हद ही कर दी। लड़कों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।".jpg)
मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं दूसरे अभियुक्त मनीष चौधरी की तलाश की जा रही है। जल्द ही दूसरे युवक की भी गिरफ्तारी हो जाएगी।