logo

गोड्डा में सात दिनों से लापता सुखचंद महतो का पानी में मिला शव

गोड्डा में सात दिनों से लापता सुखचंद महतो का पानी में मिला शव

गोड्डा:
Godda News:
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के केरवार गांव में सात दिनों से लापता सुखचंद महतो का शव बरामद होने के बाद मातम पसरा हुआ है। परिवार और ग्रामीण पिछले एक सप्ताह से उनकी तलाश में जुटे थे। आखिरकार उनकी तलाश का अंत बेहद दुखद हुआ। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि पानी में डूबने से उनकी मौत हुई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

होपना टोला मेला देखने निकले थे सुखचंद
जानकारी के अनुसार, सुखचंद महतो बीते बुधवार को होपना टोला मेला देखने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से काफी प्रयास किया, लेकिन सात दिनों तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार तलाश के बावजूद सुखचंद का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता और बढ़ती जा रही थी।

मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे मृतक
बताया जाता है कि सुखचंद महतो मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे। इसके अलावा उनके हाथ-पैर में भी परेशानी रहती थी। परिजनों का अनुमान है कि इसी वजह से वह अनियंत्रित होकर पानी में गिर गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, इस आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

पुलिस ने शुरू की जांच, मौत के कारणों का पता लगाएगी
शव बरामद होने की सूचना मिलने के बाद पथरगामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में थाना प्रभारी कृष्णा साहा ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उन्हें मिर्गी की बीमारी भी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

सात दिनों की उम्मीद के बाद घर में पसरा मातम
जिस घर में पिछले सात दिनों से सुखचंद महतो की वापसी की उम्मीद लगी हुई थी, वहां अब मातम पसरा है। उनकी पत्नी मोड़ो देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सुखचंद सकुशल लौट आएंगे, लेकिन उनकी तलाश का अंत इस तरह होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। शव बरामद होने के बाद केरवार गांव में शोक का माहौल है।

Tags - Godda News Pathargama Jharkhand News Crime News Godda Kerwar Village