पूर्वी सिंहभूम
पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के ओड़िया पंचायत अंतर्गत ग्राम कांकू में प्रस्तावित पत्थर खदान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त (DC) को आवेदन देकर प्रस्तावित खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि मौजा कांकू में खाता संख्या-17, 33, 41, 35 तथा प्लॉट संख्या-1347, 1361, 1453, 1452, 1454, 1459, 1455, 1457, 1448, 1460 एवं 1461 में कुल 5.90 एकड़ भूमि पर पत्थर खदान स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसका ग्राम सभा में ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा आयोजित कर सर्वसम्मति से प्रस्तावित पत्थर खदान का विरोध किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि जिस क्षेत्र में खनन प्रस्तावित है, वह आबादी क्षेत्र के नजदीक है। वहां आंगनबाड़ी केंद्र और लोगों के आवास भी मौजूद हैं।

खेती-बाड़ी और पर्यावरण प्रभावित
खनन शुरू होने से धूल, विस्फोट और प्रदूषण के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जतायी गयी है। बताया गया कि खनन स्थल के आसपास ग्रामीणों की खेती-बाड़ी और पर्यावरण प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि यह क्षेत्र अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां ग्राम सभा की सहमति का विशेष महत्व है। ग्रामीणों ने ग्राम सभा के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में इस क्षेत्र में पत्थर खदान स्थापित नहीं होने दिया जायेगा। ग्रामीणों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की आपत्ति, ग्राम सभा के निर्णय और जनहित को ध्यान में रखते हुए खनन की स्वीकृति प्रक्रिया पर रोक लगायी जाए और आगे की कार्रवाई तत्काल स्थगित की जाए। इसकी प्रतिलिपि जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, प्रखंड विकास पदाधिकारी पटमदा और अंचल अधिकारी पटमदा को भी भेजा गया है।
