हजारीबाग:
Hazaribagh News: हजारीबाग में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। पदयात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता फैलाना चाहती है। वहीं, सांसद मनीष जायसवाल ने कांग्रेस पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि बिरंचि नारायण ने कांग्रेस को लेकर तीखी टिप्पणी की।

कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है : अन्नपूर्णा देवी
हजारीबाग पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है। इसके जवाब में आम लोग अब सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता कांग्रेस के खिलाफ स्पष्ट संदेश देना चाहती है। कांग्रेस देशभर में भ्रम फैलाने का काम कर रही है और लोगों का उस पर विश्वास नहीं है। अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं। कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां सब कुछ ठीक बताती है, लेकिन हारने पर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाती है। यह कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।

कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है : मनीष जायसवाल
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पूरे देश में झूठ की राजनीति कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। इसी के जवाब में भाजपा ने देशभर में पदयात्रा का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। यह दर्शाता है कि लोगों का कांग्रेस पर विश्वास नहीं है। मनीष जायसवाल ने आरोप लगाया कि विपक्ष पूरे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ दुर्भावना से आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता समय आने पर कांग्रेस को जवाब देगी।

कांग्रेस कार्यालय में मिलेंगे देशद्रोही : बिरंचि नारायण
कार्यक्रम प्रभारी बिरंचि नारायण ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देशद्रोही कांग्रेस कार्यालय में मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के टुकड़े-टुकड़े गैंग का ठिकाना भी कांग्रेस कार्यालय है। बिरंचि नारायण ने कहा कि देश को अराजकता की स्थिति में पहुंचाने वाले यही लोग हैं। इस कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, बरकट्ठा विधायक अमित यादव और कार्यक्रम प्रभारी बिरंचि नारायण शामिल हुए। पूर्व विधायक किशुन दास भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।