द फॉलोअप डेस्क
देश-विदेश में इंजीनियरिंग, अनुसंधान और नवाचार के लिए मशहूर बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने पर प्लैटिनम जुबली मना रहा है। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची पहुंच चुकी हैं। कार्यक्रम बीआईटी मेसरा परिसर में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
बीआईटी मेसरा की स्थापना 1955 में हुई थी, और इस ऐतिहासिक सफर को यादगार बनाने के लिए 15 फरवरी से 15 जुलाई तक कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कड़ी में 15 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बीआईटी मेसरा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद और देश-विदेश से आए गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जरूरी निर्देश भी दिए।