द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नालंदा से दिल को झकझोरने वाली एक घटना सामने आई है। यहां नशे के आदी बेटे ने अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना राजगीर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव की बताई जा रही है। इस मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, शराब बंदी वाले राज्य बिहार से ऐसी खबर सामने आना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय मृतका साखो देवी राजगीर में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके बेटे को नशे की लत थी, वह लगभग नशे में डूबा रहता था और मां से नशा करने के लिए पैसों की मांग करता था। ऐसे में जब मां ने आरोपी पुत्र अजित कुमार उर्फ बंडा को नशे के लिए पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपी को गुस्सा आ गया। इस पर नाराज बेटे ने धारदार हथियार से मां का गला रेत दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो रहा था। लेकिन मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे पकड़ा और पुलिस के आने पर उन्हें सौंप दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस मामले को लेकर राजगीर DSP सुनील कुमार ने कहा कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।