logo

बिंदी के लिए आत्महत्या मामला : आरोपी शिक्षिका और प्रिंसिपल गिरफ्तार, NCPC की दो सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

bindi_kand.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को सेंट जेवियर्स की एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली थी। 10वीं की छात्रा बिंदी लगाकर स्कूल चली गई थी। इस बात पर एक टीचर ने आपत्ति जताते हुए स्कूल परिसर में ही सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से आहत हुई छात्रा घर पहुंची और फांसी लगा ली। जिसके बाद मृतका के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वो लगातार आरोपी शिक्षिका और स्कूल प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। खबर सामने आ रही है कि इस मामले में आरोपी शिक्षिका सिंधु और प्रिंसिपल आरके सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं मृतका के जेब से मिली सुसाइट नोट की जांच की जा रही है। बता दें कि इस मामले पर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है।


दो सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
संत जेवियर्स स्कूल तेतुलमारी की छात्रा उषा कुमारी की आत्महत्या मामले पर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। मामले में आयोग ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य सुनील वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय बाल संरक्षण एवं राज्य बाल संरक्षण आयोग ने मामले को संज्ञान में लिया है। मीडिया रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गयी है। राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीम भी मामले की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। उषा के परिजनों के अनुसार स्कूल की एक शिक्षिका द्वारा प्रताड़ित करने पर ही उनकी बेटी ने खुदकुशी की।


अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर सीएम से कार्रवाई की मांग की
जानकारी हो कि लड़की के पास एक सुसाइड नोट मिला था। जिसमें उसने स्कूल की शिक्षिका पर आरोप लगाया था। मंगलवार को मृतका के परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। उन्होंने आरोपी टीचर और स्कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने की मांग की। अब यह मामले राजनीतिक रूप धारण करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर सीएम से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि धनबाद के सेंट जेवियर्स स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं की छात्रा की आत्महत्या की खबर सुनकर मर्माहत हूं। छात्रा के सुसाइड नोट में यह खुलासा हुआ है कि छात्रा बिंदी लगाकर स्कूल गई थी, इस कारण एक शिक्षिका ने उसे पीटा और अपमानित किया। इससे आहत छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में मुख्यमंत्री स्कूल पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।

 


ऐसे विद्यालयों को सनातन प्रतीकों से चिढ़ क्यों
वहीं भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सरकार को घेरा है। बाबूलाल ने ट्वीट कर लिखा एक समाचार सुनकर दिल दहल गया है। धनबाद के सेंट जेवियर्स स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। छात्रा ने अपने यूनिफॉर्म में सुसाइड नोट लिखकर रखा था। खुलासा हुआ है कि छात्रा बिंदी लगाकर स्कूल गई थी, इसे लेकर वहाँ की एक शिक्षिका ने उसे पीटा और अपमानित किया। इससे आहत छात्रा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।  पता नहीं ऐसे विद्यालयों को सनातन प्रतीकों से चिढ़ क्यों है? मुख्यमंत्री इस मामले पर संज्ञान लीजिए और स्कूल की मान्यता रद्द करने हेतु संबंधित विभाग को पत्र लिखिए।

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N