द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के गोलमुरी थानांतर्गत टुईलाडूंगरी क्षेत्र में बाइक सवार 2 अपराधियों ने एक युवक पर 2 राउंड फायरिंग की। घटना शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे के आसपास की है। इस फायरिंग की घटना में अपराधियों का निशान चूक गया। जिस कारण युवक बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने टुईलाडूंगरी के ए/ब्लॉक निवासी लोचन कुमार को अपना निशाना बनाने का प्रयास किया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोचन कुमार सीपी कबीर क्लब स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास टहल रहा था। इसी दौरान एक स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर 2 अज्ञात अपराधी पहुंचे और लोचन कुमार पर अचानक 2 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गये। हालांकि, अपराधियों का निशान चूक गया और गोली लोचन कुमार को नहीं लगी। इधर, गोली चलने के आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना गोलमुरी थाना की पुलिस को दी गयी।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, इस संबंध में पुलिस ने लोचन कुमार से भी पूछताछ की। लेकिन लोचन कुमार ने किसी से भी हालिया दुश्मनी से इंकार किया है। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही गोली चलाने की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा।

फायरिंग के बाद जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल से 2 खोखा बरामद किया है। वहीं, पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। स्थानीय सूत्र के अनुसर, लोचन वाशिंग सेंटर संचालन के साथ लॉटरी का भी अवैध धंधा चलता है। जबकि रवि खेडा का अवैध शराब का कारोबार है। क्षेत्र में अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच अदावत है। पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद हो चुका है, वाशिंग सेंटर संचालक लोचन ने पुलिस को बताया कि वह साकची से स्कूटी से घर लौट रहे थे। कबीर क्लब के पास बाइक सवार बदमाशों ने गोली चलायी, हमलावर द्वारा पिस्तौल निकालने पर उन्होंने हाथ से धक्का दे दिया। जिसके कारण गोली उपर चल गयी। इसके बाद वे स्कूटी से गिर गये और जान बचाने के लिये भागे, तो उन लोगों ने दोबारा फायरिंग की। लोचन सिंह के अनुसार, उनका रवि खेडा के साथ पूर्व से विवाद हुआ था। रवि खेडा ने अपने घर में अपराधियों को शरण दिया है, उन्हीं लोगों ने मुझपर फायरिंग की है, घटनास्थल पर मेरी रेकी करने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ा है।
