logo

रांची में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, पिता से स्कूटी लेकर जंगल ले गया था चाचा

रांची में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, पिता से स्कूटी लेकर जंगल ले गया था चाचा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार का परिचित और मुंहबोला चाचा बच्ची को बहला-फुसलाकर जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची के पिता ने आरोपी के खिलाफ तमाड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों के अनुसार, आरोपी का परिवार के घर आना-जाना था और सभी उसे परिचित के रूप में जानते थे। इसी का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


चावल पहुंचाने के बहाने मांगी स्कूटी, बच्ची को भी ले गया साथ
परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी बच्ची के पिता के पास पहुंचा। उसने चावल पहुंचाने की बात कहते हुए उनसे स्कूटी मांगी। इसके बाद वह बच्ची को भी अपने साथ स्कूटी पर बैठाकर निकल गया। आरोप है कि आरोपी बच्ची को लेकर जंगल पहुंचा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कथित घटना को अंजाम देने के बाद वह बच्ची को लेकर वापस घर पहुंचा और उसे छोड़कर चला गया। घर लौटने पर बच्ची के कपड़ों पर गंदगी देखकर पिता को संदेह हुआ। उन्होंने बच्ची से पूछा कि क्या वह स्कूटी से कहीं गिर गई है। पिता का सवाल सुनते ही बच्ची रोने लगी और अपने साथ हुई आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों को पूरी घटना की जानकारी मिली।


पकड़ने की कोशिश में स्कूटी छोड़कर भागा आरोपी, पुलिस कर रही तलाश
बच्ची की बात सुनने के बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, खुद को घिरता देख आरोपी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बच्ची के पिता ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद माता-पिता बच्ची को लेकर तमाड़ थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि सोमवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली है। पीड़ित बच्ची के पिता की ओर से लिखित आवेदन भी दिया गया है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Tags - Tamar Ranchi Jharkhand Crime Minor Girl Police Investigation