logo

PM Modi Bihar Visit : 21 नवंबर को बिहार आएंगे PM मोदी, देंगे 3 बड़ी सौगातें

21 नवंबर को बिहार आएंगे PM मोदी, देंगे 3 बड़ी सौगातें

द फॉलोअप डेस्क:

Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर वैशाली (Vaishali) में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के राजापाकर (Rajapakar) प्रखंड में प्रधानमंत्री का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनके आगमन से पहले प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। तैयारियों के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। खास तौर पर सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। प्रधानमंत्री का यह दौरा 21 नवंबर को प्रस्तावित है।

बिहार को मिल सकती हैं तीन बड़ी सौगातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा बिहार के विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। 21 नवंबर को उनके हाथों कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत और उद्घाटन होने की संभावना है। इनमें सबसे प्रमुख कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल का उद्घाटन है। इसके अलावा वैशाली में करीब 1234.42 एकड़ में विकसित होने वाले प्रस्तावित औद्योगिक पार्क और औद्योगिक कॉरिडोर से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी संभावित है। वहीं, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, भागलपुर में प्रस्तावित केंद्रीय विश्वविद्यालय और सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी योजनाओं को भी गति मिलने की चर्चा है।

नई सरकार के एक साल पूरे होने पर खास दौरा

बिहार में नई सरकार के गठन का एक साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है। एनडीए के घटक दलों के नेताओं का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा पहले की तरह ही यादगार और ऐतिहासिक साबित होगा। प्रस्तावित परियोजनाओं से राज्य में सड़क और परिवहन कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा रोजगार के नए अवसर पैदा करने और शिक्षा के क्षेत्र में विकास को गति देने में भी इन योजनाओं की अहम भूमिका हो सकती है।

पटना और वैशाली के बीच घटेगी दूरी

प्रधानमंत्री के दौरे में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल का उद्घाटन सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। करीब 9.76 किलोमीटर लंबा यह पुल बनकर तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा। दावा किया जा रहा है कि पुल के चालू होने के बाद पटना से वैशाली तक का सफर महज 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे उत्तर बिहार के लोगों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और क्षेत्र में आवागमन के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News PM Modi Bihar Visit 2026 Narendra Modi Bihar Visit PM Modi Vaishali Rally Bihar Development Projects