logo

महाराष्ट्र जाने से पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे राज्यपाल, सपरिवार की पूजा-अर्चना

595.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। यहां से रवाना होने से पूर्व राज्यपाल मंगलवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। सपरिवार पूजा-अर्चना की और बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के लिए सुख और शांति की कामना की। पूजा के बाद राज्यपाल रमेश बैस ने बताया कि जब मैं झारखंड के राज्यपाल के पद पर आया था उस वक्त भी भोले बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया था। अब महाराष्ट्र जा रहा हूं तो यहां आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने कहा कि भोले बाबा से विनती की है कि जिस तरह मैंने झारखंड की जनता की सेवा की है, वैसा ही महाराष्ट्र में भी कर सकूं। देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा से मेरी विनती है कि वो सभी को सुख, समृद्धि और शांति प्रदान करें।

बासुकीनाथ धाम भी जाएंगे राज्यपाल
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद राज्यपाल सपरिवार बासुकीनाथ धाम भी जाएंगे। दुमका में उनके कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। साथ ही मंदिर प्रबंधन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। इधर, देवघर में पूजा-अर्चना के दौरान राज्यपाल के साथ संथाल परगना के डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल, डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसपी सुभाष चंद्र जाट सहित जिले के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT