logo

भाभीजी होंगी घर में, ये चुनाव का मैदान है; सीता सोरेन के सवाल पर बोले देवर बसंत सोरेन

a765.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, दुमका:

झारखंड मुक्ति मोर्चा से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं सीता सोरेन दमका लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। दुमका, झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ कहा जाता है। इस सीट से शिबू सोरेन रिकॉर्ड 8 बार सांसदी का चुनाव जीते। अब यहां से सोरेन परिवार की बहू बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही है तो चुनाव दिलचस्प हो गया है। ऐसे में सोरेन परिवार के सदस्यों से गाहे-बगाहे सीता सोरेन को लेकर सवाल पूछा जाता है। रविवार को दुमका में मीडिया से मुखातिब बसंत सोरेन ने कहा कि सीता सोरेन घर में उनकी भाभी हैं। जहां तक बात चुनावी मैदान की है तो वह प्रतिद्वंदी हैं। सीता सोरेन को परिवार और पार्टी में सम्मान नहीं मिलने की बात पर बसंत सरेन ने कहा कि परिवार ने 15 साल तक विधायक बनाया। 3 बार विधायक रहीं। ये क्या सम्मान नहीं है? 

विधानसभा में क्यों नहीं उठाई जांच की मांग!
दुर्गा सोरेन की मौत की सीबीआई जांच के सवाल पर बसंत सोरेन ने कहा कि भाभी सीता सोरेन 3 बार विधायक रहीं। उन्होंने कभी भी विधानसभा में सीबीआई जांच की मांग नहीं उठाई। अब जबकि दूसरे दल में शामिल हो गई हैं तो सीबीआई जांच की मांग करती हैं। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कौन लोग हैं और उनकी मंशा क्या है, समझ में आ रहा है। गौरतलब है कि पार्टी में शामिल होने के समय सीता सोरेन ने कहा था कि उनके स्वर्गीय पति दुर्गा सोरेन की मौत स्वाभाविक नहीं थी। उन्होंने परिवार में कई बार उनकी मौत की जांच की मांग उठाई लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया। वहीं, हाल ही में जामताड़ा में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग में सीता सोरेन ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनते ही उच्चस्तरीय जांच के लिए टीम बनेगी।

निशिकांत दुबे के बयान पर टिप्पणी से इनकार
गोड्डा लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी निशिकांत दुबे के झामुमो में टूट वाले बयान पर टिप्पणी करने से बसंत सोरेन ने इनकार कर दिया। दरअसल, दुमका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए निशिकांत दुबे ने दावा किया था कि जुलाई महीने तक में बसंत सोरेन भी झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़ देंगे। पार्टी कई भागों में विभक्त हो जाएगी। बसंत सोरेन ने इसे निशिकांत दुबे का निजी बयान बताया।  

Tags - Jharkhand NewsBasant SorenSita SorenDumkaLoksabha Election 2024