logo

Ranchi : पैसों के अभाव में इलाज से वंचित नहीं होगा कोई झारखंडी- मंत्री बन्ना गुप्ता

a1617.jpg

रांची: 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत विभागीय स्तर पर चिकित्सा सहायता अनुदान राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख कर दिया है। इसपर खुशी जाहिर करते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि अब किसी भी झारखंडी को पैसे के अभाव में इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने मुझसे कहा था कि मानवीय दृष्टिकोण से राशि में बढ़ोतरी करनी चाहिए। मैंने मुख्यमंत्री से इसे बढ़ाने का आग्रह किया था और कैबिनेट में भी इस बात को रखा। 

मुख्यमंत्री ने दिखाई संवेदनशीलता!
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत प्रभावित सुपात्र व्यक्तियों की चिकित्सा हेतु विभागीय स्तर से चिकित्सा सहायता अनुदान की राशि 5 लाख रूपये को बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने एवं पूर्व से स्वीकृत असाध्य रोगों की सूची में अन्य असाध्य रोगों को सूचीबद्ध करने से सम्बन्धित प्रस्ताव पर स्वीकृति दी है।

जरूरतमंद मरीजों को मिलेगी मदद!
मुख्यमंत्री ने असाध्य रोग के इलाज के लिए पूर्व में दी जा रही 5 लाख रूपये की राशि को पर्याप्त नहीं मानते हुए राशि में बढ़ोतरी करने का निर्देश दिया था। इसके उपरांत राशि को बढ़ा कर 10 लाख रूपये किया गया। अब सभी जरुरतमंदों को असाध्य रोग के इलाज में काफी मदद मिलेगा।