logo

SIR की समय सीमा बढ़ाने की मांग, बंधु तिर्की ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लिखा पत्र

BANDHU20.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान की समय सीमा बढ़ाने की मांग एक बार फिर उठी है। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र भेजकर झारखंड के लिए कम से कम एक माह का अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया है।

बंधु तिर्की का कहना है कि झारखंड की भौगोलिक परिस्थितियां देश के कई अन्य राज्यों से अलग हैं। राज्य के अनेक गांव दुर्गम और वन क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां मतदाताओं तक समय पर पहुंचना आसान नहीं है। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रमिक रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन कर चुके हैं, जिससे कई पात्र मतदाताओं के निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी कर पाना मुश्किल हो सकता है।

समय नहीं बढ़ा तो छूट जायेंगे लाखो वैध मतदाता
बंधु तिर्की ने पत्र में कहा कि चुनाव आयोग को राज्यों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते समय झारखंड की जमीनी परिस्थितियों और सामाजिक-भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखना चाहिए। अगर समय नहीं बढ़ाया गया तो कई वैध वोटर मतदाता सूची से बाहर हो सकते हैं जो लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण की भावना के विपरीत होगा। 

बंधु तिर्की ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था। उनका कहना है कि अब तक इस मांग पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने से राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम मतदाताओं में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

BLO मतदाताओं के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाये 

बंधु तिर्की ने चुनाव आयोग से यह भी आग्रह किया कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाताओं के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाने का निर्देश दिया जाए। उनका कहना है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के कई लोगों के लिए आवश्यक दस्तावेज जुटाना और निर्धारित प्रपत्र भरना चुनौतीपूर्ण होता है इसलिए उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

Tags - Jharkhand SIRBandhu TirkeyElection CommissionVoter List RevisionJharkhand Politics