logo

राज्य का पहला फोर स्टार होटल बनेगा देवघर का बैद्यनाथ विहार

hotel-baidhyanath-vihar.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर स्थित होटल बैद्यनाथ विहार का स्वरूप बदलेगा। इसे फोर स्टार होटल का स्वरूप दिया जाएगा। झारखंड पर्यटन विकास निगम ने इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा है। सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद इसका डीपीआर तैयार कर टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। पीपी मोड में इसे डेवलप किया जाएगा। यह झारखंड का पहला फोर स्टार होटल होगा। झारखंड में फिलहाल किसी भी होटल को फोर स्टार होटल का दर्जा प्राप्त नहीं है। रांची स्मार्ट सिटी में सरकार से मिली जमीन पर टाटा कंपनी एक फाइव स्टार होटल बना रही है।


100 कमरे और दो वैंक्वेट हॉल होंगे
देवघर स्थित झाखंड पर्यटन विकास निगम के होटल बैद्यनाथ विहार की लगभग 55 हजार वर्ग फीट जमीन है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस जमीन पर ही बैद्यनाथ विहार को फोर स्टार होटल के रूप में विकसित किया जाएगा। दो वैंक्वेट हॉल के अलावा 100 कमरे और सुइट्स बनाए जाएंगे। इसके अलावा वे सारी सुविधाएं भी होंगी जो फोर स्टार होटल में उपलब्ध रहती है। इस पर लगभग 113 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।


अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को केंद्र में रख कर होटल के विकास की योजना
देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर का दर्शन करने के लिए देश और विदेश से आनेवाले पर्यटकों को ध्यान में रख कर राज्य सरकार ने इस होटल के विकास की रूपरेखा तैयार की है। क्योंकि देश विदेश से आनेवाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वहां ठहरने की उत्तम व्यवस्था नहीं है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को ध्यान में रख कर ही देवघर एयरपोर्ट का भी विकास किया गया है तथा केंद्र सरकार की अनुमति के बाद यहां यात्री विमानों की उड़ान सेवा प्रारंभ हो चुकी है। 

Tags - Jharkhand Deoghar Hotel Baidyanath Vihar to be converted into a four-star hotel JTDC proposes to seek government approval