logo

चाईबासा में 4 माह के मृत बच्चे का शव थैले में ले जाने पर उठे सवाल, अस्पताल प्रबंधन ने ये सफाई दी 

CHAIBASA1.jpg

चाईबासा
चाईबासा में चार माह के एक शिशु के शव को थैले में ले जाने की घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर जहां विपक्ष और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं, वहीं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इसे तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि इस पूरे प्रकरण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है और आधे-अधूरे सच के जरिए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित एक पोस्ट में कहा कि जिस बच्चे को 4 वर्ष का बताया जा रहा था, वह वास्तव में 4 माह का शिशु था। तथ्यों को जानबूझकर गलत तरीके से प्रस्तुत कर डॉक्टरों और मेडिकल सिस्टम को बदनाम किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि भ्रामक खबरें फैलाने वाले सामाजिक तत्वों, कुछ राजनेताओं और तथाकथित मीडिया कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के न्यूज़ फ्लैश करना न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि इससे आम जनता में भय और अविश्वास भी फैलता है। मंत्री ने यह भी चिंता जताई कि ऐसी घटनाओं और अफवाहों के कारण डॉक्टर चाईबासा, पलामू और चतरा जैसे इलाकों में पोस्टिंग से बच रहे हैं, जो राज्य के लिए गंभीर स्थिति है।


इधर, अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। प्रबंधन के अनुसार, बच्चे को एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सभी आवश्यक इलाज किए गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। शव को घर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उसके आने में करीब दो घंटे की देरी हो रही थी। इसी दौरान बच्चे का पिता शव लेकर स्वयं घर के लिए निकल गया।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बाद में जब एंबुलेंस पहुंची, तब तक पिता शव लेकर जा चुके थे। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे संपर्क कर उन्हें वापस बुलाया जा सके। प्रबंधन ने आरोप लगाया कि इसी घटना को मीडिया में गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे अस्पताल और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच के निर्देश दिए जा चुके हैं और प्रशासन का कहना है कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest