द फॉलोअप, रांची
झारखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से कहा है कि मीडिया के माध्यम से क्यों धमकी दे रहे हैं। सरकार और पुलिस आपकी है, उसे आदेश दें और उनकी गिरफ्तारी करा लें। जामताड़ा में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मरांडी ने कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरते हैं। वह सीधे पुलिस को आदेश दें कि बाबूलाल मरांडी जहां भी हों उन्हें गिरफ्तार कर लो। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि होटवार जेल को उन्होंने ही बनवाया था। वहां जाकर उन्हें इतनी मेहनत करने से थोड़ी मोहलत तो मिलेगी।

बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य विभाग के कारनामों पर फिर प्रश्न खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी को सीएजी की रिपोर्ट को गंभीरता से देखनी चाहिए। सीएजी ने स्वास्थ्य विभाग की खामियों को किस तरह उजागर किया है। एंबुलेंस के दुरुपयोग पर सीएजी ने क्या कहा है। उन्होंने फिर आरोप लगाया कि राज्य के अस्पतालों में करोड़ों की मशीनें और उपकरण बेकार पड़े हैं। अस्पताल तो बन गए लेकिन वहां डॉक्टर और नर्स नदारथ है। मैनपावर है नहीं और कमीशन के चक्कर में मेडिकल उपकरण और मशीनें खरीद ली गयी है। बाबूलाल मरांडी ने इरफान अंसारी से कहा कि चोर डरा करते हैं। जनता की लड़ाई लड़ने वाला नहीं डरता है। वह जनहित के मुद्दों को लेकर किसी भी परिणाम तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
