रांची
भाजपा नेता और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दावा किया है कि रामगढ़ जिले में एक आदिवासी युवती के साथ गंभीर अपराध हुआ है। मरांडी ने बताया कि पीड़िता ने रामगढ़ थाना को एक पत्र लिखा है, जिसमें उसने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने और वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में एक गारमेंट दुकान के मालिक के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, पीड़िता के पत्र पर किसी पुलिस अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं हैं, जिससे जांच की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अपने पोस्ट में बाबूलाल मरांडी ने लिखा है: "रामगढ़ में नौकरी का झांसा देकर आदिवासी बेटी के साथ भयावह अपराध हुआ। युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, और वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए भी मजबूर किया। इस घिनौने षड्यंत्र में एक गारमेंट दुकान का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है।" मरांडी ने झारखंड पुलिस और रामगढ़ पुलिस से आग्रह किया है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
