logo

चंपाई सोरेन चाहे जितना रोक लें, चाईबासा की पब्लिक कमल निशान पर ही बटन दबाएगी- बाबूलाल मरांडी

a587.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 29 अप्रैल को सिंहभूम लोकसभा के राजनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में बड़ी संख्या में जनता उपस्थित थीं। इस अवसर पर उन्होंने सिंहभूम से एनडीए प्रत्याशी गीता कोड़ा को भारी बहुमत से विजय बनाने की अपील की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों के घर-घर तक गैस का कनेक्शन पहुंचाया। इतना ही नहीं देश में कोई भूखा नहीं सोए, इसकी चिंता भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। कोरोना काल के उस दिन को याद करें, जब देश में सब कुछ ठप हो गया था। कल कारखाने बंद हो गए थे। गाड़ियां नहीं चल रही थी। उस समय नरेंद्र मोदी ने गरीबों की चिंता की। सभी के घरों में मुक्त राशन पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि कोई गरीब भूखा ना रहे। अगले 5 वर्ष तक लोगों को मुफ्त अनाज मिलता रहेगा। प्रधानमंत्री गरीब की चिंता करते हैं। किसान की चिंता करते हैं। महिला की चिंता करते हैं। युवा की चिंता करते हैं। सभी वर्ग की चिंता करते हैं।

चिलचिलाती धूप में लोगों का उत्साह देखने लायक
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सूचना मिली कि लोग घूम-घूमकर जनसभा में जाने के लिए लोगों को मना कर रहे थे। इस चिलचिलाती धूप में आए लोगों को देखने से एक बात स्पष्ट हो गया इस क्षेत्र की जनता एनडीए प्रत्याशी को वोट देकर विजयी बनाने का मन बना चुकी है। चंपाई सोरेन कितना ही रोकने का प्रयास क्यों ना कर लें, क्षेत्र की जनता अब रुकेगी नहीं। 13 मई को कमल निशान में ही बटन दबाएगी।

गठबंधन सरकार ने राज्य का खनिज बेच डाला
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोगों ने राज्य की खनिज को बेच डाला। लोहा- कोयला को बेच दिया। नदी के बालू तक को नहीं छोड़ा। आज इस प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसी कारण से जेल में बंद हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को हमने दर्जनों पत्र लिखा था। बताया था कि यहां पत्थर की चोरी हो रही है। बालू की चोरी हो रही है। कोयला की चोरी हो रही है। जमीन के फर्जी कागजात बनाकर लोग उसे बेच रहे हैं। इसकी जांच कर उनपर कार्रवाई करें, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय वे इन लोगों को संरक्षण दे रहे थे। इसके कारण ईडी में उन्हें पकड़ लिया। आज वे होटवार जेल में बंद हैं। आप अगर अपराधियों को संरक्षण देंगे, तो आपको सजा भुगतना ही होगा। 

पिछले 10 वर्षों में पीएम के नेतृत्व में खूब विकास हुआ
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास का जितना काम किया है, वह किसी से छिपा नहीं है। बीते 10 वर्षों में उन्होंने जितना काम किया है, आज तक किसी प्रधानमंत्री के कार्यकाल में इतना काम नहीं हुआ। वर्ष 2014 से पहले क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनते ही उन्होंने सबसे पहले गरीबों को घर दिया। आपके सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में 78,429 प्रधानमंत्री आवास बना है। केंद्र में फिर से सत्ता में आने के बाद गरीबों को प्रधानमंत्री आवास दिया जाएगा। इसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कर चुके हैं।

बीजेपी के बारे में दुष्प्रचार कर रहा है विपक्ष
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग इस बात का झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सत्ता में आने के बाद भाजपा आदिवासियों और गरीबों की जमीन लूट लेगी। इस राज्य में भाजपा के तीन मुख्यमंत्री हुए। आप ही बता दें कि उनके कार्यकाल में कितने आदिवासी और गरीबों की जमीन लूटी गई। हेमंत सोरेन का एक सौ अधिक डीड हमारे पास है। झारखंड के सभी जगह पर उन्होंने गरीबों और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किया है। सत्ता की सहयोगी कांग्रेस पार्टी को तो राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस देश में 50 से 60 वर्षों तक राज किया। उन्ही के कार्यकाल में बड़े-बड़े कारखाने और नहर बने थे। खदानें खुली थी। गांव के गांव उजाड़े गए। उनको आज तक कहीं शरण नहीं मिली। वे ठोकरे खा रहे हैं। उनका आज कोई आता पता नहीं है। अब वे लोग अपने आप को आदिवासियों के बहुत बड़े हितैषी कह रहे हैं। ये सारे लोग देश को, इस प्रदेश को सिर्फ लूटने का काम कर रहे हैं।

झारखंड विरोधी है सत्ताधारी कांग्रेस, झामुमो और आरजेडी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और राजद के नेतृत्व में सरकार चल रही है। ये सभी झारखंड के विरोधी हैं। झारखंडी विरोधी हैं। झारखंड के विकास के विरोधी है। इनसे झारखंड का विकास कभी नहीं हो सकता‌। झारखंड अलग राज्य का आंदोलन देश की आजादी के समय से ही चल रहा था। कांग्रेस पार्टी की सरकार केंद्र में थी। कभी उन्होंने झारखंड अलग राज्य नहीं बनाया। झारखंड की जनता की भावना का सम्मान नहीं किया। उसने अलग राज्य के लिए आंदोलन करने वाले नेता को खरीदने का ही काम किया। केंद्र में अटल बिहारी वाजपेई की सरकार आने पर अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। आज अगर हम अपने आप को झारखंड के वासी कहते हैं तो यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। अटल बिहारी वाजपेई की देन है। झारखंड अलग राज्य झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नहीं बनाया। कांग्रेस ने नहीं बनाया। उन लोगों ने झारखंड अलग राज्य के आंदोलन को कुचलने का काम किया।

Tags - Babulal MarandiBJPLok Sabha Election 2024Chaibasa