द फॉलोअप,रांची
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीईओ श्री अनुराग बेहर ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं उनके बीच रांची में फाउंडेशन द्वारा बनाए जा रहे अजीम प्रेमजी मेडिकल यूनिवर्सिटी, एक हजार शैय्या वाले मेडिकल कॉलेज तथा अस्पताल एवं स्कूल की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही राज्य में साझा सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र पर भी कार्य किए जाने के संबंध में सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। मौके पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के झारखंड हेड राकेश तिवारी एवं फाउंडेशन के प्रोजेक्ट हेड कैलाश कांडपाल उपस्थित रहे।

मालूम हो कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन रांची के इटकी (मांडर क्षेत्र के पास) में लगभग 150 एकड़ भूमि पर एक मेडिकल यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर फाउंडेशन द्वारा लगभग ₹5,000 करोड़ का निवेश किया जा रहा है। इस विश्वस्तरीय एकीकृत परिसर (Integrated Campus) में 1,300 बेड का सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल, एक बड़ा अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसमें 75% बेड (यानी 975 बेड) पर गरीब मरीजों को पूरी तरह मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। अस्पताल परिसर में फिलहाल एक अस्थाई भवन बनाकर ओपीडी (OPD) सेवा शुरू कर दी गई है। यहाँ रोजाना 70-80 मरीजों का मुफ्त इलाज और दवाइयाँ दी जा रही हैं। इस परिसर में एक मेडिकल कॉलेज भी होगा, जिसमें शुरुआत में 50 एमबीबीएस (MBBS) सीटें होंगी। इसके साथ ही यहाँ नर्सिंग और एलाइड हेल्थ कोर्सेज की पढ़ाई भी शुरू होगी। चिकित्सा शिक्षा की कक्षाएं 2028 तक शुरू होने की उम्मीद है। बेंगलुरु और भोपाल के बाद यह अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय का देश में तीसरा और सबसे बड़ा कैंपस होगा।
