logo

CHO की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में वसूली का ऑडियो वायरल, DC ने लिया एक्शन

CHO की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में वसूली का ऑडियो वायरल, DC ने लिया एक्शन

गढ़वा:

झारखंड के गढ़वा जिले में स्वास्थ्य विभाग में कथित अवैध वसूली के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी यानी CHO की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में अवैध राशि मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जांच में 2 कर्मियों की प्रथम दृष्टया संलिप्तता सामने आई है। इसके बाद उपायुक्त ने दोनों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक को पत्र लिखा है।

श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र का है मामला
मामला श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र का है, जहां CHO की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के बदले कथित रूप से अवैध राशि की मांग किए जाने का ऑडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर की संयुक्त टीम ने 23 नवंबर को जांच की। जांच में मड़वनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अभिषेक सिंह तंवर और अनुमंडलीय अस्पताल, नगर उंटारी के प्रखंड लेखा प्रबंधक राजीव रंजन की प्रथम दृष्टया संलिप्तता सामने आई। जांच टीम ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की है। 

उपायुक्त ने कर्मियों को कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की
जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर दोनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सरकारी प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में अवैध राशि की मांग गंभीर मामला है। भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

Tags - Jharkhand NewsNHM JharkhandAudio Call RecordingGarhwaHealth News