logo

ATS को मिली बड़ी कामयाबी, 50 लाख कैश के साथ अमन श्रीवास्तव गिरोह के 2 अपराधियों को पकड़ा

ats_aman.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एटीएस ने अमन श्रीवास्तव गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों श्रीवास्तव गिरोह से ताल्लुक रखते थे। दोनों के पास से 50 लाख नगद बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान एजाज और एम सिंह  के रूप में हुई है। दोनों से एटीएस की पूछताछ जारी है। एटीएस यह जानने में जुटी हुई है कि किन लोगों से रंगदारी के रूप में या रुपए वसूले गए हैं।


एटीएस को मिली गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार एटीएस की टीम को यह सूचना मिली थी कि रांची के एक बड़े कारोबारी से अमन श्रीवास्तव गिरोह के दो अपराधी एजाज और एम सिंह लगातार मिल रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद एटीएस की टीम चौकन्नी हो गई। दोनों आरोपियों पर नजर रखनी शुरू कर दिया। आखिरकार रांची के गुप्त स्थान पर दोनों अपराधी बड़े कारोबारी से पैसे लेने पहुंचे। पैसे लेकर वह कार से कांके रोड होते हुए कोठारिया की तरफ जाने लगे। एटीएस के तरफ से राजधानी के बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नजर रखी जा रही थी। जब एटीएस के अफसरों को यह जानकारी मिली कि दोनों अपराधी पिठोरिया होते हुए पतरातू या रामगढ़ जाएंगे तब उन्हें कांके पिठोरिया के बीच में ही पकड़ने की तैयारी शुरू हो गई। एटीएस की घेरबंदी काम आई और कांके पिठोरिया सड़क पर एक जगह एटीएस के द्वारा बनावटी जाम लगाकर अपराधियों को दबोच लिया गया।


बॉस के कहने पर गए थे रंगदारी वसूलने
गिरफ्तार अपराधियों के पास से 50 लाख कैश मिले हैं। पूछताछ में दोनों अपराधियों ने एटीएस को बताया कि उनके बॉस यानी अमन श्रीवास्तव के कहने पर वह रांची के बड़े कारोबारी से रंगदारी वसूलने गए थे। बता दें कि अमन श्रीवास्तव वर्तमान में रांची जेल में बंद है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N