द फॉलोअप डेस्क
असम के होजाई जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ, जब सैरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। इस दुर्घटना में आठ हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक हाथी घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद इंजन समेत ट्रेन के पांच कोच पटरी से उतर गए। हालांकि, इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के अनुसार, दुर्घटना गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर जामुनामुख–कांपुर सेक्शन में हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेनें और वरिष्ठ मंडलीय अधिकारी मौके पर रवाना किए गए। रेलवे के महाप्रबंधक और लुमडिंग मंडल के मंडल रेल प्रबंधक भी घटनास्थल पर पहुंचे और बहाली कार्य की निगरानी की।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि टक्कर के बाद प्रभावित कोचों के यात्रियों को अन्य कोचों में उपलब्ध खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से समायोजित किया गया। प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। गुवाहाटी पहुंचने पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद ट्रेन अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू करेगी।
यात्रियों की सहायता के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। वहीं, जामुनामुख–कांपुर सेक्शन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों को अप लाइन से डायवर्ट किया गया है। रेलवे की ओर से ट्रैक की मरम्मत और बहाली का काम तेजी से जारी है। उल्लेखनीय है कि सैरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सैरंग (आइजोल के पास) को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है। हादसे के कारण वन्यजीव सुरक्षा और रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
