logo

आसंगी चेकडैम में डूबे NIT जमशेदपुर के छात्र का चार दिन बाद मिला शव

NIT_student.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के आसंगी चेकडैम में रविवार को डूबे NIT जमशेदपुर के छात्र मीर हसन तनवीर का शव चार दिन बाद गुरुवार की सुबह बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान NDRF की टीम को सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी के पास नदी में शव तैरता हुआ मिला। इधर, शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों और एनआईटी के छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक मीर हसन तनवीर NIT जमशेदपुर में B.TECH के छात्र थे। तनवीर पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ RIT थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी चेकडैम पहुंचे थे।

तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए

सभी छात्र वहां नहाने के लिए नदी में उतरे थे। इसी दौरान तनवीर गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और राहत दल ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद छात्र का पता नहीं चल सका। इसके बाद NDRF की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। करीब चार दिनों तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश जारी रही। गुरुवार को दोमुहानी के पास सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को नदी में शव दिखाई दिया। NDRF के जवानों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए MGM अस्पताल भेज दिया।

होनहार और शांत स्वभाव का छात्र

तनवीर का शव मिलने की खबर NIT जमशेदपुर परिसर में पहुंचते ही मातम छा गया। बड़ी संख्या में छात्र और संस्थान के लोग मौके पर पहुंचे। सहपाठियों और प्रोफेसरों ने तनवीर को पढ़ाई में मेधावी, होनहार और शांत स्वभाव का छात्र बताते हुए गहरा दुख जताया। हादसे के बाद छात्रों ने प्रशासन से आसंगी चेकडैम समेत खरकाई नदी और अन्य संवेदनशील जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह के दर्द से न गुजरना पड़े।

Tags - NIT Jamshedpur NDRF Search OperationStudent Drowning