द फॉलोअप, रांची
झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में ACB छह अगस्त को तीन प्रमुख आरोपियों से पूछताछ करेगी। इसके लिए एसीबी ने तीनों को नोटिस जारी किया है और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। जिन तीन आरोपियों से पूछताछ की जाएगी, उनमें अरुणपति त्रिपाठी, श्यामजी शरण और अरुण कुमार सिंह शामिल हैं। पूछताछ से शराब घोटाले में नयी करबट आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।

अरुण पति त्रिपाठी छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक तथा छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में विशेष सचिव रह चुके हैं। अरुण पति त्रिपाठी से एसीबी की पूछताछ को काफी अहम माना जा रहा है। वहीं श्यामजी शरण को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एसीबी ने पूर्व में भी इनसे पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके अलावा Nexgen Solution Pvt. Ltd.) के सीईओ अरुण सिंह से भी पूछताछ की जाएगी। शराब कारोबार के वित्तीय लेन-देन तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के साथ व्यावसायिक संपर्कों को लेकर इनसे पूछताछ की जाएगी। एसीबी के अनुसार, छह अगस्त को होने वाली पूछताछ का उद्देश्य केवल बयान दर्ज करना नहीं है, बल्कि दस्तावेजी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण करना, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल सामग्रियों की जांच करना, पूर्व में दर्ज बयानों का आपसी मिलान करके घटनाक्रम की वास्तविक कड़ी को स्थापित करना है।
