logo

जी-20 : आज से एलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, 3 जोन व 10 सेक्टरों में अचूक सुरक्षा की रहेगी व्यवस्था

IMG-20230228-WA0001.jpg

फॉलोअप डेस्क
भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 की दो दिवसीय बैठक झारखंड की राजधानी रांची में प्रस्तावित है। बैठक को लेकर राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा  तैयारी को अंतिम रुप दिया जा रहा है। रांची में अगामी दो व तीन मार्च को बैठक का आयोजन किया जाना है। बैठक को लेकर अतिथियों का आगमन एक मार्च से ही प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान अतिथियों के स्वागत व सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए रांची को तीन जोनों व दस सेक्टरों में विभाजित कर दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को जोन 01 बनाया गया है जिसके लिए रांची सदर एसडीओ दीपक कुमार दूबे को दण्डाधिकारी व शुभांशु जैन तथा राजा कुमार मित्रा को जोनल पदाधिकारी के रुप में प्रतिनियुक्त किया गया है। जोन-2 कार्यक्रम स्थल होटल रेडिशन ब्लू को बनाया गया है, जिसके मुख्य द्वार से लेकर आस-पास के सड़क व दुकानों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। इसके लिए रांची डीडीसी दिनेश प्रसाद यादव को जोनल दण्डाधिकारी व एम अर्शी तथा दीपक कुमार को जोनल पदाधिकारी के रुप में प्रतिनियुक्त किया गया है। जोन दो को कुल 19 हिस्सों में बांटकर सुऱक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा एक रुट लाइनिंग जोन बनाया गया है। इसके लिए एयरपोर्ट से होटल रेडिशन ब्लू व आस-पास के अन्य रुटों को 8 सेक्टरों में विभाजित करते हुए 8 जिलों के एसपी व 8 डीएसपी की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है।

भ्रमण मार्ग में दो क्यूआरटी तीन सेफ हाउस होंगे
जी-20 समीट के अतिथियों का पतरातू लेक में भ्रमण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसके लिए पिठौरिया घाटी व रड़हा पुल पर दो क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है जबकि कांके थाना, पिठौरिया थाना व सिमलबेड़ा पिकेट को सेफहाउस बनाया गया है।

पंजाबी भवन होगा कंट्रोल रुम
जी-20 बैठक को लेकर बैठक स्थल के समीप स्थित पंजाबी भवन को नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष में तीनों पालियों में तीन दण्डाधिकारी, तीन पुलिस उपाधीक्षक, तीन पुलिस निरीक्षक व 12 पुलिस अवर निरीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। कंट्रोल रुम में 24 घंटे अग्निशामक व्यवस्था, एम्बुलेंस, खाद्य व पेयजल पदार्थ जांच दल, आकस्मिक चिकित्सा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करायी गई है। आकस्मिक चिकित्सा के लिए रांची के 6 अस्पतालों का चयन किया गया है, जिसमें सदर अस्पताल व रिम्स के अलावा मेडिका, पारस अस्पताज, राज अस्पताल व सीसीएल गांधी नगर अस्पताल का चयन किया गया है।

हवाई अड्डा के मार्ग पर रहेगी विशेष व्यवस्था
जी-20 बैठक में शामिल होने वाले अतिथियों के आगमन व प्रस्थान को लेकर हवाई अड्डा के एरिया में विशेष सुरक्षा व गस्ती दल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस दिशा में निर्देश दिया गया है कि एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग के दोनों ओर 10 फीट की दूरी तक न तो कोई व्यक्ति का समूह और न ही किसी प्रकार के कोई वाहन खड़े होंगे। एयरपोर्ट की चारदिवारी से सटे क्षेत्र में मांस, मुर्गा, मछली की दुकानों को हटाये जाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही हवाई अड्डा के चारो ओर 5 किमी के क्षेत्र में संबंधित थाना प्रभारियों को 01 मार्च के प्रातः 7 बजे से ही सघन गश्ती, पैदल मार्च व मोबाईल पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT