logo

गढ़वा : मिथिलेश ठाकुर के आवास पर हुआ सम्मान समारोह का आयोजन, कहा- पूरी ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी

मिथिलेश4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पार्टी के विभिन्न वर्ग संगठन, मोर्चा के नवमनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री ठाकुर ने सभी को माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। 
मौके पर पूर्व मंत्री ठाकुर ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि "झारखंड मुक्ति मोर्चा में केंद्रीय अध्यक्ष व कार्यकर्ता एक समान हैं। बस लोगों की जिम्मेवारी भर अलग-अलग होती है। इसलिए पदाधिकारी एवं सभी कार्यकर्ता मिलकर निष्ठापूर्वक इमानदारी से अपनी जिम्मेवारी निभाएं। सफलता कदम चुमेगी"। उन्होंने कहा कि "काफी सोच समझ कर लोगों को जिम्मेवारी सौंपी गई है। जिन्हें जिम्मेवारी नहीं मिली है वे भी पूरी तन्मयता से कार्य करें। वैसे लोगों पर सब की नजर होगी। निश्चित रूप से वे भी आगे बढेंगे। हम सभी लोग आज संकल्प लें कि सभी को मिलजुल कर संगठन, झामुमो परिवार को और भी मजबूत बनाना है"। 
नवमनोनीत पदाधिकारियों से ठाकुर ने कहा कि "सभी लोग यथाशीघ्र अपनी कमिटी में योग्य एवं कर्मठ लोगों को स्थान देते हुए विस्तार करें। पार्टी के समर्पित लोगों के पास पदलोलुपता नहीं होती है। संगठन तभी मजबूत होगा जब आपस में एकता एवं पार्टी के प्रति समर्पण होगा। संगठन सर्वोपरि है। उसके बाद ही कोई मंत्री व विधायक है। सभी पदाधिकारी प्रतिदिन अपने क्षेत्र व जनता के लिए समय निकालें। उनकी समस्याओं को सुनकर उसे दूर करने का कार्य करें। साथ ही सरकार की चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए उसका लाभ भी लोगों को दिलाएं। मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar jmm leader mithilesh thakur mithilesh thakur news garhwa news garhwa latest news