साहेबगंज:
Sahibganj News: बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बाउंसर एजेंसी के मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन पर कब्जे को लेकर एक पक्ष की ओर से बाउंसर बुलाए गए थे। मामले में पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में मोहन सोरेन, पिता फाटे सोरेन, निवासी सिमलढाब के आवेदन पर बरहेट थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत जोन चुण्डा हांसदा समेत पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई छापेमारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साहेबगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसी दौरान 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में दोबारा बाउंसर पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची।

बाउंसर एजेंसी के मालिक समेत पांच गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान अल्फा बाउंसर एजेंसी के संस्थापक एवं मालिक शिवम कुमार (26), निवासी गंगटा चौक, गोड्डा तथा बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा (32), निवासी चकेश्वरी, गोड्डा को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर साहेबगंज और गोड्डा से तीन अन्य आरोपियों—पियुष कुमार (20), ललन कुमार सिंह और सुधांशु रंजन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में बाउंसर एजेंसी के मालिक शिवम कुमार ने बताया कि वह पैसे लेकर सुरक्षा देने का काम करता है। उसके अधीन करीब 18 से 20 बाउंसर काम करते हैं। उसने यह भी बताया कि उसके पास लाइसेंसी एयरगन है और इसी काम से उसे अच्छी आमदनी होती है। पूछताछ में कथित तौर पर उसने बताया कि जोन चुण्डा हांसदा ने अपनी निजी जमीन पर कब्जे को लेकर उससे संपर्क किया था, जिसके बाद 17 नवंबर को बाउंसरों के साथ सिमलढाब पहुंचा था। पुलिस आने की सूचना मिलने पर वह अपने साथियों के साथ वहां से निकल गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
- शिवम कुमार (26 वर्ष) — गंगटा चौक, थाना नगर, जिला गोड्डा।
- अनिल कुमार मिश्रा (32 वर्ष) — चकेश्वरी, थाना मुफ्फसिल, जिला गोड्डा।
- पियुष कुमार (करीब 20 वर्ष) — कॉलेज रोड, ग्रीन होटल के पास, साहेबगंज।
- ललन कुमार सिंह — दियारा, थाना मुफ्फसिल, जिला गोड्डा।
- सुधांशु रंजन — ब्लॉक फील्ड, थाना नगर, जिला गोड्डा।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी
- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल, बरहरवा।
- थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, बरहेट थाना।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट और बाउंसरों की भूमिका को लेकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।