द फॉलोअप डेस्क
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अब गोवा समेत 6 राज्यों के लिए लोग सीधे उड़ान भर सकेंगे। क्योंकि जल्द ही इन स्थानों के लिए रांची से विमान सेवा शुरू हो सकती है। इसके बाद कई राज्यों से रांची सीधे जुड़ जाएगी। दरअसल भारतीय विमान प्राधिकरण (एएआई) के रांची कार्यालय के निदेशक केएल अग्रवाल ने इसके लिए पहल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि डोमेस्टिक एयरलाइंस कंपनियों को इसके लिए पत्र लिखा है। पत्र में रांची से गोवा, तिरुपति, त्रिवेंद्रम, जम्मू, अमृतसर, उदयपुर और सूरत के लिए विमान सेवाएं शुरू करने की बात कही गई है।

व्यवसाय और पर्यटन को लेकर होती है आवाजाही
व्यवसाय और पर्यटन को लेकर काफी लोगों का आना-जाना रांची से इन शहरों में होता है। उसी प्रकार दूसरे राज्य के लोग भी पर्यटन को लेकर यहां आते हैं। एएआई रांची के निदेशक केएल अग्रवाल ने बताया कि रांची से एक बड़ा व्यवसायिक वर्ग सूरत, उदयपुर, तिरुपति और त्रिवेंद्रम जाता है। इसको देखते हुए ही सीधी विमान सेवा शुरू करने की तैयारी हो रही है। इससे लोगों के समय की बचत होगी और विमानन कंपनियों को भी लाभ होगा। दूसरी ओर झारखंड में कई पर्यटक और ऐतिहासिक स्थल हैं। ऐसे में सीधे विमान सेवा शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। वहीं, उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से रांची-देवघर की सीधी विमान सेवा शुरू होगी।

अभी इन शहरों से जुड़ी है रांची
रांची से 28 विमानों का परिचालन प्रतिदिन होता है। फिलहा फिलहाल हैदराबाद, चेन्नई, पटना, कोलकाता, भुवनेश्वर, दिल्ली, अहमदाबाद, पुणे, मुंबई, बेंगलुरू शहर रांची से जुड़े हैं। जानकारी के अनुसार रांची से प्रतिदिन करीब 5 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है। वर्तमान में गो फर्स्ट, एलायंस एयर, इंडिगो, विस्तारा, एयर एशिया और एयर इंडिया की फ्लाइट रांची से ऑपरेट हो रही है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT