logo

निकायों को फिर निर्देश, त्यौहारों के मद्देनजर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट व अन्य नागरिक सुविधाएं दुरुस्त कराएं

sunil_kumar1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ एवं अन्य त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने राज्य के सभी नगर निकायों को फिर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एक सप्ताह पूर्व भी उन्होंने साफ-सफाई, सड़क, नाली व डिवाइडरों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया था। पथ निर्माण विभाग से मिल कर नगरीय क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया था। आज उन्होंने फिर कहा है की विर्निदिस्ट  निर्देशों का पालन कर त्योहारों के दौरान बेहतर नागरिक सेवाएँ उपलब्ध कराएँ ताकि विभाग एवं सरकार की सकारात्मक छवि उभर सके। इसके लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाये।


प्रधान सचिव ने निकायों को निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया जाये। इसके तहत सभी वार्डों, बाजारों, पंडाल क्षेत्रों, नदी तटों, तालाबों एवं घाटों की  विशेष सफाई कराई जाये। कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित कराया जाये। साथ ही भीड़ एवं व्यस्ततम स्थानों पर अतिरिक्त डस्टबिन एवं कंटेनर उपलब्ध कराये ताकि कचरा बाहर नहीं फैले। विशेषकर रात्रि में निरंतर सफाई व्यवस्था के लिए पाली बांध कर स्वच्छता कर्मियों की तैनाती कराये। श्री कुमार ने अपने निर्देश में कहा है कि पर्व के दौरान शहर की सड़को पर माकूल प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए ताकि अँधेरे में दर्शनार्थियो को कष्ट नहीं हो। इसके लिए खराब स्ट्रीट लाइटों की तुरंत मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कराये। सार्वजनिक स्थलों, पंडाल क्षेत्रों, पहुँच मार्गों एवं विसर्जन तथा छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाये। यही नहीं जहाँ आवश्यकता हो वहां अस्थायी प्रकाश की व्यवस्था किया जाये।    


प्रधान सचिव ने निर्देश दिया है की सड़क एवं यातायात प्रबंधन के समुचित उपाय भी किये जाने चाहिए। इसके लिए गड्ढे भरने, पैचवर्क मरम्मत तथा प्रमुख पहुँच मार्गों के समतलीकरण के लिए  पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ  समन्वय स्थापित कर काम किया जाये। लोगो की सुविधा  के लिए सड़क चिन्ह, ज़ेब्रा क्रॉसिंग एवं दिशा सूचक संकेतों की पुनः पेंटिंग कर उन्हें स्पष्ट रूप से उभारा जाये . सड़क किनारे के अतिक्रमण एवं मलबे को हटाकर सुगम यातायात सुनिश्चित कराये। 


पर्व के दौरान निरंतर सफाई और नागरिक सुभिधाओ के बहाली के लिए विशेष अनुरक्षण दल का गठन किया जाये। प्रत्येक नगर निकायों  में विशेष मोबाइल टीम का गठन कर दैनिक निगरानी एवं जन उपयोगिता संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने की कारवाई की जाये। एक नियंत्रण कक्ष एवं हेल्प डेस्क स्थापित कर उसका संपर्क नंबर व्यापक रूप से प्रचारित कराएँ। उन्होंने कहा है की वृक्ष एवं डिवाइडर अनुरक्षण उचित ढंग से कराये। पेड़ो की उन शाखाओं की छँटाई एवं कटाई कराये  जो रोशनी, ट्रैफिक सिग्नल की दृश्यता में बाधक हों या हवा और बारिश से खतरा उत्पन्न करें। सड़क डिवाइडर, रेलिंग एवं ट्रैफिक गोलंबरो की सफाई कर उन्हें पुनः रंग-रोगन एवं पौधों के रखरखाव द्वारा आकर्षक बनायें।


 

Tags - Jharkhand: Instructions to municipal bodies for festivals cleanliness and civic amenities should be improved departmental secretary directs