logo

रांची : ऑपरेशन के बाद महिला बेहोश और डॉक्टर फरार, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

hos369.jpg

रांची
राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित अमृत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला के ऑपरेशन के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से मरीज अब तक बेहोशी की हालत में है, जबकि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर मौके से फरार है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत मायल गांव निवासी तिजु साव ने अपनी पत्नी रूपा देवी (उम्र 38 वर्ष) को 18 जुलाई को अमृत अस्पताल में पथरी (स्टोन) की सर्जरी के लिए भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, 19 जुलाई को डॉक्टर सुशील कुमार ने लेज़र तकनीक से ऑपरेशन किया, लेकिन ऑपरेशन के बाद से ही रूपा देवी को होश नहीं आया है।


मरीज के पति तिजु साव ने रातू थाना में लिखित शिकायत दी है जिसमें उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन से पहले उनकी पत्नी सामान्य स्थिति में थीं और खुद चलकर ऑपरेशन थिएटर गई थीं। ऑपरेशन के बाद से अब तक वह कोमा जैसी अवस्था में हैं।
परिजनों का यह भी आरोप है कि जब मरीज की हालत गंभीर हो गई, तो अस्पताल प्रबंधन ने इलाज की जिम्मेदारी लेने के बजाय दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और डॉक्टर की तलाश की जा रही है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest