logo

द फॉलोअप इंपैक्ट : जामताड़ा के गांधी मैदान स्टेडियम की सफाई शुरू

जामताड़ा के गांधी मैदान स्टेडियम की सफाई शुरू

दीपक कुमार/जामताड़ा:

Jharkhand News:  द फॉलोअप की खबर का बड़ा असर हुआ है। रिपोर्ट प्रसारित होने के महज कुछ ही घंटों बाद जामताड़ा के गांधी मैदान स्टेडियम (Gandhi Maidan Stadium) की सफाई शुरू हो गई। द फॉलोअप ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर जो रिपोर्ट की थी, जिला प्रशासन ने इसपर तुरंत संज्ञान लिया। डीसी आलोक कुमार (DC Alok Kumar) के निर्देश पर तुरंत मैदान की साफ-सफाई का काम शुरू करवा दिया गया था। तस्वीरों में आप कर्मचारियों को स्टेडियम की सफाई करते देख सकते हैं। स्टेडियम परिसर से कूड़ा उठाया गया और कोने-कोने की सफाई की गई। 

 

द फॉलोअप ने समस्या उजागर की थी
गौरतलब है कि, इससे पहले मैदान में चारों तरफ कचरे का अंबार लगा हुआ था और शराब की टूटी बोतलों के कांच बिखरे पड़े थे। इस स्थिति के कारण वहां रोजाना अभ्यास करने आने वाले युवा खिलाड़ियों और टहलने वाले बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 'द फॉलअप' ने अपनी ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए इस गंभीर समस्या को उजागर किया था, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया।

शहरवासियों ने फॉलोअप का आभार जताया
​प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और खेलप्रेमियों ने राहत की सांस ली है। शहरवासियों और जिलावासियों ने गांधी मैदान को फिर से साफ-सुथरा बनाने के लिए 'द फॉलअप' की टीम और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। खेलप्रेमियों का मानना है कि मैदान की सफाई होने से खिलाड़ियों को अब खेल अभ्यास में कोई बाधा नहीं आएगी और वे सुरक्षित माहौल में अपनी प्रैक्टिस जारी रख सकेंगे।
 

Tags - Jharkhand NewsJamtaraThe Follow UpGandhi Maidan Stadium