logo

ठगी : सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से करोड़ो की ठगी करने वाली महिला रांची से गिरफ्तार

fraud.jpg

रांचीः

हरियाणा पुलिस ने रांची के पंडरा ओपी पुलिस के साथ मिलकर एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने कई युवकों को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ो की ठगी की है। आरोपी महिला का नाम मधु यादव है। वह रांची के पिस्का मोड़ के पास तेल मिल गली स्थित एक फ्लैट से रह रही थी, फ्लैट से ही महिला की गिरफ्तारी हुई है। यह फ्लैट सेंट्रल यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर विजय यादव का है। विजय यादव को भी पूछताछ के लिए पुलिस लेकर गयी थी लेकिन मंगलवार की रात उसे छोड़ दिया गया। 


रेवारी की रहने वाली है
मधु यादव खुद को खेलगांव स्टेडियम में बॉक्सिंग कोच बताती है। वह मूल रूप से हरियाणा के रेवारी की रहने वाली है। महिला का पति सेना में है। महिला पर आरोप है कि उसने सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर कई युवकों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की है। युवकों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया है। युवकों ने रेवारी के जाटूसाना थाना में दिसंबर माह में केस दर्ज किया था। जब जांच की गई तो हरियाणा पुलिस को महिला का लोकेशन रांची मिला। हरियाणा पुलिस रांची पहुंची और पंडरा पुलिस के सहयोग से फ्लैट में छापेमारी की। 


मालिक ने बचाने की कोशिश की 
फ्लैट का दरवाजा खुलवाने पर मालिक विजय यादव ने पहले कहा कि महिला के फ्लैट में नहीं है। लेकिन जब पुलिस ने तलाशी ली, तो मधु यादव बाथरूम में छिपी हुई थी। पुलिस ने उसे बाथरूम से निकलने को कहा और गिरफ्तार कर लिया। दोनों को लेकर पुलिस थाने पहुंची। विजय यादव ने कहा महिला उनके घर सोमवार को आयी थी। महिला का कोविड टेस्ट कराया गया है रिपोर्ट आने के बाद हरियाणा पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जायेगी।