logo

NH-18 पर मौत बनकर खड़ा था ट्रक, कोहरे में पीछे से आ घुसी बाइक; रांची के युवक की मौत

NH-18 पर मौत बनकर खड़ा था ट्रक, कोहरे में पीछे से आ घुसी बाइक; रांची के युवक की मौत

द फॉलोअप/ जमशेदपुर: 
Jamsedpur News:
एनएच-18 पर बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहन और घना कोहरा रांची के एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। रविवार सुबह नरसिंहगढ़ स्थित गजानन फेरो फैक्ट्री के पास सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से एक बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार रांची निवासी 26 वर्षीय विवेक महाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिव शंकर महाली गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार उनके दो अन्य दोस्त इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

दो बाइकों से ओडिशा के समुद्री तट घूमने निकले थे चार दोस्त
जानकारी के अनुसार, रांची निवासी चार दोस्त विवेक महाली, शिव शंकर महाली, अमरिंदर महाली और राहुल उरांव रविवार तड़के करीब तीन बजे दो बाइकों से ओडिशा के समुद्री तट घूमने के लिए निकले थे। सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच जब वे नरसिंहगढ़ स्थित गजानन फेरो फैक्ट्री के पास पहुंचे, उस समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क पर खड़ा भारी वाहन बाइक सवारों को दिखाई नहीं दिया और विवेक की बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी।

हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बची विवेक की जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद विवेक का हेलमेट फट गया। ट्रक का हिस्सा उसके सिर में धंसने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार शिव शंकर महाली गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक से पीछे आ रहे अमरिंदर महाली और राहुल उरांव इस हादसे में सुरक्षित बच गए।

एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, घायल जमशेदपुर रेफर
घटना के बाद एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस से दोनों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद विवेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिव शंकर को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से हादसे का खतरा
इस हादसे ने एक बार फिर एनएच-18 पर भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गजानन फेरो फैक्ट्री से महतो होटल तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भारी वाहन अक्सर खड़े रहते हैं। कंपनी परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण चालक मुख्य सड़क को ही पार्किंग स्थल बना लेते हैं। आरोप है कि खड़े या खराब वाहनों के पीछे न तो पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं और न ही चेतावनी संकेतक या सुरक्षा घेराबंदी की व्यवस्था रहती है।

पहले भी हो चुके हैं सड़क किनारे खड़े वाहनों से हादसे
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकराकर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले एक कार भी इसी तरह सड़क पर खड़े वाहन से टकराई थी। इसके बावजूद न तो कंपनी प्रबंधन ने पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त की और न ही संबंधित विभागों ने सड़क पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सड़क पर मौत बनकर खड़े इन वाहनों को हटाने और इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी किसकी है?

Tags - Road AccidentNH-18 AccidentJamshedpur NewsFog AccidentTruck Bike Collision