द फॉलोअप, रांची
झारखंड में आईएएस अधिकारियों के भारी पैमाने पर तबादले की कवायद शुरू हो गयी है। लगभग 201 डीएसपी के स्थानांतरण-पदस्थापन के बाद सरकार के शीर्ष स्तर पर आईएएस अधिकारियों के तबादले के लिए गंभीरता से होमवर्क जारी है। एक अनुमान के तहत मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर सरकार के विभिन्न विभागों में आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर होगी। बड़े पैमाने पर होनेवाले इस ट्रांसफर-पोस्टिंग में लगभग दो से ढाई दर्जन आईएएस अधिकारी प्रभावित होंगे। इनमें 17 अप्रैल को विभिन्न जिलों के डीसी और डीडीसी पद से हटाए गए 11 आईएएस अधिकारियों की भी पोस्टिंग होगी।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सचिवालय के लिए विशेष या अपर सचिव स्तर के एक सक्षम अधिकारी की गंभीरता से खोज की जा रही है। राजीव रंजन के मुख्यमंत्री सचिवालय से स्थानांतरित कर जमशेदपुर का डीसी बना दिए जाने के बाद वहां एक ऐसे अधिकारी आवश्यकता महसूस की जा रही है जिसमें तरह तरह की संचिकाओं को समझने और परखने की काबलियत हो। इसी तरह विभिन्न जिलों के डीसी और डीडीसी पद से हटे और एक महीने से प्रतीक्षारत कुल 12 आईएएस अधिकारियों को कहां और किस पद पर पदस्थापित किया जाए, इसको लेकर भी माथापच्ची हो रही है।

सूत्रों के अनुसार इस ट्रांसफर पोस्टिंग में ऊर्जा, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय,ग्रामीण विकास, कल्याण, वित्त समेत आधा दर्जन से अधिक विभागों में आईएएस अधिकारी इधर से उधर होंगे। खास कर सचिव से नीचे के अपर सचिव, विशेष सचिव, निदेशक जैसे पदों पर बैठे अधिकारी सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। जानकारी के अनुसार इस क्रम में कुछ विभागों के सचिव भी बदल सकते हैं। ऊर्जा विभाग में भी किसी बड़े बदलाव से इंकार नहीं किया जा रहा है। क्योंकि वहां से सरकार के शीर्ष स्तर पर मिल रही सूचनाएं शुद्ध नहीं आ रही है।
