logo

झरिया में जमीन धंसने से बना विशाल गड्ढा, खड़ी गाड़ी समाई 

holeee.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
धनबाद के झरिया में एक बार फिर धरती धंसने की घटना सामने आई है। अग्नि प्रभावित फुलरीबाग इलाके में शुक्रवार को अचानक जमीन धंस गई, जिससे सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन गड्ढे में समा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, साल 2017 में इसी स्थान पर भू-धंसान की घटना में एक बाप-बेटे की मौत हो गई थी। इसके बावजूद न बीसीसीएल और न ही जिला प्रशासन ने यहां कोई स्थायी समाधान ढूंढा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर गोफ वाले स्थान से दूर रहने की हिदायत दी।

इलाके के लोगों का कहना है कि वे रोजाना खतरे के साए में जीते हैं। भूमिगत आग, गैस रिसाव और जमीन धंसने जैसी घटनाएं यहां आम हो चुकी हैं। बीसीसीएल, आउटसोर्सिंग कंपनियां और प्रशासन की लापरवाही के कारण कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही। लोगों की मांग है कि उन्हें पुनर्वास नीति के तहत सुरक्षित जगह बसाया जाए।

Tags - Jharkhand News Dhanbad News Dhanbad Hindi News Jharia News Jharia Hindi News Land Collapse