द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के गोलमुरी गोल्फ ग्राउंड के समीप शुक्रवार देर रात एक स्कूटी सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से टकरा गया। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार 28 वर्षीय युवक मोहम्मद अरमान की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी। मृतक मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-10 का रहने वाला था। वह घर का इकलौता कमाने वाला था। अरमान के मौत से घर वाले सदमे में है। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदरशियों के अनुसार, अनियंत्रित स्कूटी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए टिनप्लेट अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने घायल को टीएमएच रेफर कर दिया गया। टीएमएच में इलाज के दौरान अरमान ने देर रात दम तोड़ दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जायेगा।
