द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: लोकआस्था का महापर्व छठ महज एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, त्याग और आत्मशुद्धि का महापर्व है। इस पर्व में सामाजिक हैसियत, जाति और धर्म की दीवारें सभी पीछे छूट जाती हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जेल की सलाखों के पीछे रहने वाले लोग भी इसी आस्था के साथ छठ का व्रत करते हैं? जी हां, जमशेदपुर के घाघीडीह केंद्रीय कारा (Central Prison) में इस बार भी छठ की तैयारी हैं। यहां जेल की चारदीवारी के भीतर रहने वाले महिला और पुरुष बंदी (Prisoner) इस बार भी चार दिवसीय छठ महापर्व पूरे संयम, अनुशासन और निष्ठा के साथ मनायेंगे। इस दौरान पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य की आराधना करेंगे। जेल परिसर में घाट सजेंगे, पूजा की सामग्री जुटायी जायेगी और छठ के पारंपरिक गीत भी गूंजेंगे। दरअसल, आस्था का कोई दायरा नहीं होता। न कोई सीमा, न कोई दीवार। छठ महापर्व की यही विशेषता है कि इसमें हर कोई एक ही भाव से भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करता है। घाघीडीह केंद्रीय कारा में भी इस आस्था की तैयारी शुरू हो गयी है। यहां रहने वाले बंदियों के लिए परिसर में ही कृत्रिम छठ घाट तैयार किये जा रहे है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जेल प्रशासन (Prison Administration) ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं।

छठ की एक अलग तस्वीर
ऐसे में घाघीडीह केंद्रीय कारा में इस बार छठ की एक अलग तस्वीर दिखायी देगी। यहां जेल में रहने वाले बंदी भी उसी श्रद्धा से निर्जला व्रत रखेंगे, उसी नियम और निष्ठा का पालन करेंगे और अस्ताचलगामी तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे। फर्क सिर्फ इतना होगा कि उनके लिए छठ का घाट जेल परिसर के भीतर तैयार कराया जा रहा हैं। इसे लेकर जेल प्रशासन ने बंदियों के नाम पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका मकसद है कि व्रत रखने वाले प्रत्येक बंदी की जरूरत और पूजा की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जा सके। पिछले वर्ष भी जेल के भीतर करीब 8 से 10 बंदियों ने छठ का व्रत रखा था। ऐसे में इस साल छठ करने वाले व्रतियों के लिए जेल प्रशासन फल, सूप, दउरा और पूजा की दूसरी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटा है। दरअसल, पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष बंदियों के छठ व्रत रखने की संभावना है। पंजीकरण के आधार पर प्रत्येक व्रती को पूजा के लिए फल, सूप, दउरा और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करायी जायेगी, ताकि जेल परिसर में रहते हुए भी वे परंपरा के अनुसार छठ का अनुष्ठान (Ritual) पूरा कर सकें। जेल परिसर में छठ घाट तैयार करने से पहले साफ-सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है।

सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम
बंदियों ने खुद श्रमदान कर परिसर के भीतर के हिस्सों, गलियारों और पूजा स्थल की सफाई की जिम्मेदारी उठायी है। घाट निर्माण के बाद उसकी सजावट का काम भी दीपावली के बाद शुरू हो गया है। जेल प्रशासन का प्रयास है कि छठ के चारों दिन व्रतियों को पूजा-पाठ और अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा नहीं हो। पूजा सामग्री के लिए भी जेल प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्था की जायेगी। व्रतियों को नारियल, ठेकुआ बनाने के लिए शुद्ध घी, गुड़, आटा, चावल और फल उपलब्ध कराये जायेंगे। इसीलिए प्रशासन ने व्रत रखने वाले बंदियों को पूजा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ विशेष व्यवस्था करने की तैयारी की है।छठ व्रतियों की जरूरत के मुताबिक अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करायी जायेगी। जेल प्रशासन का मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव (Positive change) लाने में मददगार होते हैं। अपराध की दुनिया से दूर होकर आध्यात्म और लोक संस्कृति से जुड़ने का अवसर उन्हें आत्ममंथन और सुधार की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखने और उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी बनते हैं। जेल प्रशासन इसी सोच के तहत बंदियों को छठ जैसे लोकआस्था के महापर्व में भागीदारी का अवसर उपलब्ध करा रहा है।