logo

विरोधी दल के एक दर्जन सीएम डेरा डाले हैं, दो दर्जन भी आएंगे तो झारखंड का सीएम उन पर भारी पड़ेगाः हेमंत सोरेन

ghatshila-a.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि इस बार वे ऐसा वोट करें कि विरोधी दल का जमानत जब्त हो जाए। उनका खाता भी खुलने नहीं पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि घाटशिला में विभिन्न राज्यों से आए एक दर्जन मुख्यमंत्री डेरा डाले हुए हैं। लेकिन वे दो दर्जन भी मुख्यमंत्री लाएं, झारखंड का यह मुख्यमंत्री उन पर भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग आग का गोला छोड़ने वाले हैं। लेकिन वह गोले का छक्का छुड़ाने के लिए तैयार हैं। ऐसा छक्का छुड़ाएंगे कि जहां से गोला आएगा, वहां से भी दूर चला जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सोमेश सोरेन के नामांकन के बाद घाटशिला के सर्कस मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। हेमंत सोरेन ने रामदास सोरेन के किए को याद करते हुए उनके पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाए जाने का भी मंच से जिक्र किया।


गुरुजी के साथ ही चले गए रामदास दा
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या संयोग था कि गुरुजी के निधन के कुछ ही दिनों बाद रामदास दा भी उनके साथ हो लिए। दोनों का निधन दिल्ली में हुआ। कहीं न कहीं कोई ताकत थी जिसने ऐसी परिस्थिति पैदा की। 


वोट बंटने न पाये, विरोधी का खाता खुलने न पाए
हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछली बार घाटशिला की जनता ने झामुमो प्रत्याशी रामदास सोरेन को रिकार्ड मतों से विजयी दिलायी थी। 22 हजार मतों से उन्हें जिताया था। इस बार ध्यान देना है। वोट नहीं बंटने देना है। ऐसा वोट करना है कि विरोधी का खाता भी नहीं खुलने पाए। जमानत जब्त हो जाए। 


मुख्यमंत्री ने संथाली में दिया लगभग पूरा भाषण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना 90 फीसदी भाषण संथाली में दिया। संथाली भाषा में बोलते हुए वे पूरे जोश में भी दिखे। गुरुजी के साथ साथ रामदास सोरेन के आंदोलन की याद दिलायी। मंईया सम्मान योजना के तहत दी जानेवाली 2500 की राशि का जिक्र किया। बिजली बिल माफी से गरीबों को हो रहे लाभ को याद दिलाया। उस क्षेत्र में पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय बनाने की प्रतिवद्धता दोहरायी। साथ ही लोकसभा चुनाव से पूर्व उन्हें बिना वजह जेल भेजे जाने, भाजपा सरकार द्वारा संविधान को दर किनार किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भारत का यह संविधान ही है जिस कारण दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों का कोई हकमारी नहीं कर पा रहा है।

Tags - Jharkhand JMM Ghatsila nomination election rally Hemant Soren a dozen BJP CMs have camped