द फॉलोअप टीम, पलामू
झारखंड के पलामू में एक युवती ने विवाहित युवक पर झूठ बोलकर शादी करने और यौन शोषण का आरोप लगाया है। हुसैनाबाद थाने में दी गई लिखित शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि अमनदीप नामक युवक ने उसे बताया था कि वह रेलवे में नौकरी करता है। युवती का आरोप है कि अमनदीप ने शादी का झांसा देकर 3 साल तक यौन शोषण किया। युवती ने मामले में अमनदीप की पत्नी संगीता, आर्यन, मोहित सहित अन्य को भी आरोपी बनाया है। पुलिस जांच कर रही है।

कॉलेज जाने के दौरान आरोपी से मिली थी
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात अमनदीप से 3 साल पहले कॉलेज जाने के दौरान हुई थी। फिर दोस्ती हो गई। बकौल युवती, अमनदीप ने उससे कहा कि वह रेलवे में नौकरी करती है और अविवाहित है। युवती का आरोप है कि झूठ बोलकर अमनदीप ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और लगातार 3 वर्षों तक यौन शोषण करता रहा। बाद में दबाव बनाने पर डाल्टनगंज कोर्ट से फर्जी दस्तावेज बनाकर कहा कि अब हमलोग पति-पत्नी बन गए हैं।

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच का दिया भरोसा
हुसैनाबाद पुलिस को युवती ने बताया कि जब मैंने अमनदीप से अपने घर ले जाने को कहा तो उसने जपला स्टेशन के पास किराए का कमरा लिया और मुझे वहीं रहने को कहा। कहा कि मैं खर्चा उठाऊंगा। युवती ने बताया कि जब मार्च 2023 में वो अमनदीप के सिढ़हा स्थित घर गई तो उसके साथ मारपीट की गई। मामले में हुसैनाबाद थाना प्रभारी जगन्नाथ धान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच जारी है। कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी।