द फॉलोअप डेस्क
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत 27 जनवरी से संबंधित नगर परिषद क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनाव आयोग ने इसे पूरी तरह गैर-दलीय चुनाव घोषित किया है, लेकिन इसके बावजूद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने 30 जनवरी को प्रेस विज्ञप्ति और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। प्रेस नोट के अनुसार, JLKM ने अपने लेटर पैड पर न केवल प्रत्याशी का नाम घोषित किया, बल्कि उनका परिचय, 10 सूत्रीय विजन और जनता के नाम संदेश भी जारी किया। यह सीधा-सीधा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। इस मामले में JLKM के जिला अध्यक्ष देवानंद कुमार महतो, पार्टी नेता संतोष कुमार महतो और रागगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनीता कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी अनित कुमार रंजन ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता एवं झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)
गैर-दलीय चुनाव में दलीय ऐलान! चुनाव आयोग सख्त, प्रेस कॉन्फ्रेंस बना सबूत
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार नगरपालिका चुनाव पूरी तरह गैर-दलीय प्रक्रिया है। बावजूद इसके JLKM द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया प्रचार ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। प्रशासन को प्रेस विज्ञप्ति, फोटो-वीडियो फुटेज, केंद्रीय अध्यक्ष को भेजा गया पत्र और फेसबुक लिंक सबूत के रूप में सौंपे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। चुनाव आचार संहिता उल्लंघन को लेकर यह मामला जिले में राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
.jpeg)