logo

स्वर्णरेखा नदी के किनारे मिला 227 किलोग्राम का अमेरिकी बम, इलाके में सुरक्षा अलर्ट जारी

मगतग.jpg

द फॉलोअफ डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुवर्णरेखा नदी के किनारे एक भारी-भरकम बम बरामद हुआ। गैस सिलेंडर के आकार के इस बम के मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, यह ‘अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस’ (UXO) है, जिस पर AN-M64 मॉडल अंकित है। इसका वजन करीब 500 पाउंड (लगभग 227 किलोग्राम) बताया जा रहा है और इस पर मेड इन अमेरिका भी लिखा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि पूरे मामले की सूचना ग्रामीण एसपी को दे दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।


प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे बम के पास न जाएं और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। साथ ही, सुरक्षा घेरा तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात भी कही गई है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह बम कई दशक पुराना हो सकता है। क्षेत्र के इतिहास पर नजर डालें तो महुलडांगरी के पास एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई थी। आशंका जताई जा रही है कि बरामद बम उसी विमान का हिस्सा हो सकता है, जो उस समय नदी की नरम मिट्टी में धंस जाने के कारण फट नहीं पाया। इतने पुराने और भारी विस्फोटक को निष्क्रिय करना बेहद जोखिम भरा कार्य है। इसके लिए दो स्तर पर तैयारी की जा रही है। रांची से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, वहीं तकनीकी जांच और सलाह के लिए कलाईकुंडा एयरबेस के अधिकारियों को भी औपचारिक रूप से सूचित किया गया है।