logo

गोड्डा में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म, वहीं पूर्वी सिंहभूम में रील बनाने पर 14 साल की बेटी की हत्या

गोड्डा में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म, वहीं पूर्वी सिंहभूम में रील बनाने पर 14 साल की बेटी की हत्या

द फॉलोअप डेस्क:
JHARKHAND NEWS: झारखंड में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध की दो गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। गोड्डा जिले में सात साल की बच्ची के साथ 13 साल के किशोर द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल और रील बनाने से नाराज माता-पिता पर अपनी 14 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया है और गिरफ्तारियां की हैं।

गोड्डा में घर पर अकेली बच्ची के साथ वारदात का आरोप
गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में सात साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय किशोर ने बच्ची को उस समय अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया, जब वह अपनी छोटी बहन के साथ घर पर अकेली थी। घटना बुधवार की बताई जा रही है। उस वक्त बच्ची की मां किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी।

बच्ची की मां के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद गुरुवार को आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया। ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है। बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मोबाइल पर समय बिताने और रील बनाने से नाराज थे माता-पिता
दूसरी घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र की है। यहां 14 साल की बेटी की हत्या के आरोप में उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि बेटी के मोबाइल फोन का अधिक इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया पर रील बनाने से नाराज होकर दंपति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमनी को गुरुवार को गिरफ्तार किया। मृतका की पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसकी कथित तौर पर 10 नवंबर को डंडे से पिटाई की गई थी। इसके बाद मौत होने पर माता-पिता ने शव को लायाडीह गांव स्थित एक निर्जन खदान में फेंक दिया था।

बेटी के लापता होने की कहानी बताकर पुलिस को किया गुमराह
मामले को छिपाने के लिए आरोपी माता-पिता ने कथित तौर पर बेटी के लापता होने की बात कहकर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। करीब दो सप्ताह बाद 13 नवंबर को कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव की एक निर्जन खदान से बच्ची का शव बरामद हुआ। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ और इलाके में आक्रोश फैल गया। बच्ची की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया था। कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि मामले में दंपति को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है।

अपराध में किसी अन्य की भूमिका की भी जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बेटी के मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने और रील बनाने को लेकर माता-पिता की नाराजगी हत्या की वजह बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अपराध में माता-पिता के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

Tags - Jharkhand crimeGodda caseEast Singhbhum murderPOCSO actBNS