logo

जमशेदपुर : स्वर्णरेखा के तटबंध की मरम्मत पर 50 करोड़ होंगे खर्च- बन्ना गुप्ता

1249.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मरीन ड्राईव रोड में स्वर्णरेखा के तटबंध को मजबूत करने के लिए 50 करोड़ रुपए खर्च होगा। इतनी लागत से जल संसाधन विभाग तटबंध का निर्माण कराएगा। यह बातें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुरुवार को कही। वे अधिकारियों के साथ दोमुहानी एवं मरीन ड्राईव रोड में नदी के तटीय क्षेत्रों के विकास की भावी योजनाओं की रूपरेखा पर चर्चा कर रहे थे। इसके बाद मंत्री ने पत्रकारों को मरीन ड्राईव रोड में स्वर्णरेखा के तटबंध के निर्माण कराए जाने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि वियर एवं स्लुईस गेट दुरुस्त किए जाएंगे। इसके अलावा बैठक में मंत्री बन्ना गुप्ता ने विभाग से स्वर्णरेखा नदी के किनारे छठ घाट का निर्माण कराने के लिए विभागीय अनुमति देने का भी निर्देश दिया।

कर्मकांड स्थल का होगा निर्माण
दोमुहानी को वृहद आकार दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि नये सिरे से सीढ़ियों के निर्माण के साथ-साथ कर्मकांड स्थल का निर्माण होगा। पर्व-त्योवहार में आने वाली महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनेगा। लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा सभी घाट में सीढ़ियों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, हरियाली को लेकर किनारे-किनारे पौधा रोपण होगा। इतना ही नहीं वाटर हार्वेस्टिंग के तहत नदी में गिरने वाले गंदे पानी को स्टोर कर उसे साफ किया जाएगा। पानी का इस्तेमाल पेड़-पौधों की सिंचाई में की जाएगी। उसके बाद बचे हुए पानी को नदी में बहाया जाएगा, जिससे नदी प्रदूषित नहीं हो।


पिलर निर्माण के लिए हो रहा सर्वे कार्य

मंत्री ने बताया कि मानगो साकची एवं अन्य क्षेत्रों को जोड़ने के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर के पिलर निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए सर्वे का कराया जा रहा है। इस कार्य में पथ निर्माण विभाग एवं टाटा स्टील के अधिकारी जुटे हैं। बैठक में सर्वे की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि सर्वे टीम 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।