द फॉलोअप डेस्क
नक्सलियों को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही नई दिशा योजना से नक्सली लाभ उठा रहे हैं। इसके तहत सोमवार को नक्सली संगठन टीएसपीसी के सब जोनल कमांडर दशरथ उरांव उर्फ रोशन ने आत्मसमर्पण कर दिया है। 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली ने लातेहार अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में आईजी राजकुमार लकड़ा और लातेहार एसपी अंजनी अंजन के समक्ष सरेंडर किया। इसके बाद नक्सली को सम्मानित किया गया। इस संबंध में आईजी राजकुमार लकड़ा ने बताया कि रोशन पूर्व में माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। मगर बाद में वह टीएसपीसी से जुड़ गया। यह मुख्य रूप से चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इस पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगभग 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। इधर, नक्सली द्वारा अपने एक साथी से प्रेरणा लेकर सरेंडर करने की बात सामने आई है। रोशन के एक साथी ने वर्ष 2021 में सरकार के आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाते हुए सरेंडर किया था। उसी से प्रभावित होकर इसने भी आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद रोशन ने सोमवार को सरेंडर कर दिया।

नक्सलियों से रोशन ने की अपील, सरेंडर कर मुख्यधारा से जुड़ें
सरेंडर करने वाले नक्सली रोशन ने कहा कि वह करीब 19 वर्षों तक नक्सल गतिविधियों में सक्रिय रहा। इतने साल तक नक्सलवाद से जुड़े रहने के बाद एहसास हुआ कि यह रास्ता कभी भी सही नहीं है। नक्सलवाद और हिंसा से कभी भी किसी को इंसाफ नहीं दिलाई जा सकती। इसको लेकर उन्होंने दूसरे नक्सलियों से भी अपील किया कि वे सरेंडर करें। सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाएं।

नक्सलियों के लिए काफी फायदेमंद
एसपी ने कहा कि झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति से नक्सलियों को काफी राहत मिल रही है। यह उनके लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि रोशन ने आत्मसमर्पण कर काफी अच्छा काम किया है। अब यह जंगलों में नहीं, समाज की मुख्यधारा से जुड़ कर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी सकेगा। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुलिस हरसंभव मदद करने को तैयार है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT