logo

क्राइम : 5 जिलों की अलग-अलग घटनाओं में 5 शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस 

5.jpg

डेस्कः
इस खबर में आप 5 जिलों की पांच अलग-अलग घटनाओं के बारे में पढ़ेगे। सभी मामलों की जांच में पुलिस जुट गई है। 

लोहरदगा 
सदर थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी का शव लोहरदगा-रांची रेल लाइन से बरामद हुआ है। यह शव लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के भटखिजरी गांव के समीप बरामद किया गया है। मृतक की पहचान भक्सो बड़का टोली निवासी स्वर्गीय एतवा उरांव के पुत्र दशरथ उरांव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना रविवार की रात लगभग 7:30 बजे की बताई जा रही है।


बोकारो 
जरीडीह इलाके में एक युवक का शव बरामद किया गया है। जरीडीह थाना क्षेत्र के टांड़बालीडीह के क्रिश्चन मुहल्ले में 35 वर्षीय युवक संदीप तिग्गा की लाश पेड़ में रस्सी के सहारे लटक रही थी। युवक के पिता लॉरेंस तिग्गा बीएसएल में कार्यरत हैं। युवक लातेहार जिले के वन विभाग में कार्यरत था। सोमवार की सुबह घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर आम के बगीचे में युवक की लाश बरामद की गई है।


हजारीबाग 
चौपारण प्रखंड के ग्राम पंचायत दैहर के पाकी तालाब के पास एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मरने वाले की पहचान 40 वर्षीय कैलु प्रजापति पिता स्व. सेवा प्रजापति के रूप में की गई है। मरने वाले के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। जीभ बाहर निकली थी। परिवार ने हत्या की आशंका जाहिर की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची चौपारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रविवार देररात हत्या की वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।


पलामू
थाना क्षेत्र के तासु पंचायत अंतर्गत आराहरा ग्राम में शिवशंकर सिंह (16) नामक किशोर ने गले में फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली। यह घटना शनिवार की है। इसकी सूचना मिलते ही हेरहंज थाना पुलिस आराहरा ग्राम पहुंची। शव को अपने कब्जे में कर लातेहार अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।


देवघर 
सारठ थाना क्षेत्र के जरकाही गांव निवासी नाबालिग 17 वर्षीय लड़के को बीती रात्रि को अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब रात्रि 12:30 बजे चाकू से मारकर हत्या कर दिया गया. घर में घुसकर युवक की सुनियोजित हत्या होने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि किशोर अपने घर में भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए गया. इसी दौरान अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के करीब 12:30 बजे चाकू से उसके पेट में जोरदार तरीके से वार कर दिया. जिससे नाबालिग गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया.अस्पताल ले जाने के क्रम में ही युवक की मौत हो गई